कन्नौज में रफ्तार का कहर : लोडर की टक्कर से ऑटो दो की मौत, ओवरलोडिंग बनी दुर्घटना का कारण
तेज रफ्तार लोडर ने सवारी बैठा कर आ रहे ऑटो में साइड से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक व लोडर चालक लोडर समेत फरार हो गया।
कन्नौज। अमृत विचार। तेज रफ्तार लोडर ने सवारी बैठा कर आ रहे ऑटो में साइड से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक व लोडर चालक लोडर समेत फरार हो गया।
दुर्घटना से जीटी रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों को जिला अस्पताल भेजा। शुक्रवार की दोपहर करीव 12:15 बजे गुरसहायगंज से सवारी बैठाकर ऑटो सरायमीरा की तरफ जा रहा था। जैसे ही पुरातत्व सग्राहलय और रोमा स्मारक के करीब पहुंचा उसी समय सरायमीरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने कट मार दिया।

इससे ऑटो में बैठी सरायमीरा निवासी फूलमती (65) पत्नी अहिवरन व एक 65 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से जीटी रोड पर जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मकरंदनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से दोनों मृतकों को जिला अस्पताल भेजा जहां जांच के दौरान डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद जीटी रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने दोनों शवों को हटाकर जाम खुलवाया। क्षतिग्रस्त ऑटो को कोतवाली में खड़ा कराया गया है। जिला अस्पताल में कोतवाली पुलिस ने दोनों मृतकों की तलाशी ली।
पुरुष के पास कुछ नहीं मिला जब कि महिला के पास कुछ रुपये व मोबाइल मिला। इसमें मिस्ड कॉल पड़ी मिली। पुलिस ने कॉल की तो पुत्री ने उठाई। इसके बाद महिला की पहचान हुई। पुत्री ने बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। मां अकेली सरायमीरा में रहती थी। सुबह के समय उनके यहां सिकंदरपुर से ऑटो पर बैठ कर सरायमीरा के लिये निकली थी। मकरंदनगर में दुर्घटना की शिकार हो गई। कोतवाली पुलिस ने बताया कि पुरुष के पास कुछ भी सबूत न मिलने से उनकी पहचान नहीं की जा सकी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
ऑटो की ओवरलोडिंग बनी दुर्घटना का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी बैठीं थीं। बुजुर्ग चालक की सीट के बगल में बैठा था। उसके दोनों पैर बाहर निकले थे वही महिला पीछे बैठी थी। सवारी अधिक होने से वह अपना सिर बाहर निकाले थी। लोडर ने कट मारा तो वृद्ध पुरुष के दोनों पैरों व महिला के सिर में गंभीर चोट आई। पुरुष आटो से बाहर आ गिरा और उसके ऊपर से लोडर का पहिया निकल गया।
लोगों का कहना था कि यदि ऑटो में सीमित सवारी बैठी होतीं तो शायद हादसा इतना भयावह नहीं होता। बता दें कि यातायात पुलिस की नाक के नीचे पांच की जगह सात से आठ सवारी बैठाकर ऑटो वाले चलते हैं जो हादसे को स्वत: न्योता है।
