विश्व पर्यावरण दिवस : कानपुर में एक दिन में रोपे गये पौने छह लाख पौधे, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया पौधारोपण
कानपुर के प्रभारी मंत्री एवं सांसद रमेश अवस्थी, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी तथा पूर्व मंत्री एवं कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कानपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शुक्रवार को पौधरोपण महाअभियान के तहत एक ही दिन में रिकॉर्ड 5.75 लाख पौधे रोपे गए। जिला प्रशासन, वन विभाग और नगर निगम के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
मातृभूमि के पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'हरित उत्तर प्रदेश-स्वच्छ उत्तर प्रदेश' संकल्प के अंतर्गत यह विशेष अभियान चलाया गया।
प्रभारी मंत्री उपाध्याय और सांसद रमेश अवस्थी ने किया शुभारंभ
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, कानपुर एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में किदवई नगर बाईपास रोड स्थित बाबू पुरवा ग्रीन बेल्ट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कानपुर के प्रभारी मंत्री एवं सांसद रमेश अवस्थी, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी तथा पूर्व मंत्री एवं कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त तथा प्रभागीय वनाधिकारी ने अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत किया। मुख्य कार्यक्रम के दौरान बाबू पुरवा ग्रीन बेल्ट में एक हजार से अधिक छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। अभियान को सफल बनाने में वन विभाग, नगर निगम, नमामि गंगे, गंगा टास्क फोर्स, जिला गंगा समिति तथा वृक्षारोपण समिति के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

विधायकों ने भी रोपे पौधे
इस महाअभियान का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया गया। घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक सरोज कुरील तथा बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में विधायक राहुल बच्चा सोनकर के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता रैलियां भी निकाली गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों के जीवन और अस्तित्व के आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए कानपुर नगर जनपद को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप सभी सरकारी पौधशालाओं में 45 लाख से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले पौधों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली गई है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत सामूहिक रूप से पौधरोपण किया तथा पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
सभी प्रतिभागियों को पौधों के वृक्ष बनने तक उनकी सुरक्षा, सिंचाई एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
