Cockroach Janta Party Protest : कॉकरोच जनता पार्टी को मिली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति, दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

संसद मार्ग से लेकर जंतर-मंतर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा, प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और तलाशी के बाद गाड़ियों को मिल रही एंट्री

परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर कॉकरोच समर्थक, शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुट रहे हैं। सीजेपी के इस पहले प्रदर्शन को पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और अभिनेता प्रकाश राज जैसी बड़ी शख्सियतों का समर्थन मिला है।

अमृत विचार : कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आज-शनिवार को जंतर-मंतर पर बड़ा और पहला विरोध-प्रदर्शन है। परीक्षाओं के पेपर लीक के मुद्दे पर कॉकरोच समर्थक, शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने के लिए जुट रहे हैं। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर सीजेपी के नेताओं ने उन्हें रिसीव किया। उधर, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति भी दे दी है। सबह 10 बजे से 5 बजे तक के लिए ये अनुमति मिली है। 

 

सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट है। चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संसद मार्ग पर पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों को लगाया गया है। प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग है। सघन जांच के बाद वाहनों को आगे बढ़ने दिया जा रहा है। नई दिल्ली में हजारों की संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं। कुछ जगहों पर कॉकरोच प्रदर्शन भी करते नजर आए हैं। 

 

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक बयान में कहा कि,  हमें उम्मीद है कि भारतीय राजनीति के लिए ये दिन ऐतिहासिक साबित होगा। 

 

कॉकरोच, धर्मेंद्र प्रधान का मांग रहे इस्तीफा 

भारत के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पीण से वजूद में आई कॉकरोच जनता पार्टी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रही है। पिछले दिनों नीट का पेपर लीक होने के बाद देशभर में आक्रोश देखा गया। शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। लाखों छात्रों और अभिभावकों के आक्रोश को देखते हुए सीजेपी ने शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई है। देश की विपक्षी पार्टियां भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही हैं। कांग्रेस के छात्र संगठन-एनएसयूआई समेत विभिन्न संगठन पेपर लीक के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। सीजेपी भी अब इसी मुद्दे पर आवाज बुलंद कर रही है।


जंतर-मंतर पर भारी पुलिस फोर्स 

सीजेपी के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली का जंतर-मंतर छावनी में बदल गया है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी है। कॉकरोच पहुंचने लगे हैं। अभिजीत दीपके संसद मार्ग स्थित पुलिस स्टेशन पर पहुंचेंगे। यहां से कुछ दूरी पर सुबह को कॉकरोचों द्वारा नारेबाजी की बात सामने आई है। अभिजीत ने एक पोस्ट में समर्थकों से संसद मार्ग थाने के पास न जुटने की अपील करते हुए कहा कि वे सभी जंतर-मंतर पहुंचें। फिलहाल सीजेपी को प्रदर्शन की इजाजत मिल गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसलिए भी क्योंकि सीजेपी के समर्थकों में एक बड़ी संख्या Zen-G की मानी जा रही है। 

कॉकरोच शांति बनाए रखें-अभिजीत

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से उनसे बातचीत की। इसके बाद सीजेपी के नेता संसद मार्ग स्थित पुलिस स्टेशन पहुंचे। यहां समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। बहरहाल, दिल्ली में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कॉकरोचों का पहुंचना जारी है। जंतर-मंतर पर भीड़ जमा होने लगी है। कॉकरोच नारेबाजी कर रहे हैं।  


संविधान की किताब लेकर निकले


अभिजीत दीपके हाथ में संविधान की किताब लेकर एयरपोर्ट से बाहर निकले। यहां से गाड़ी में बैठकर निकल गए हैं। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को 10 बजे से 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी है। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी अनुमति पत्र सामने आया है। अभिजीत जंतर-मंतर पहुंच गए हैं। यहां भारी संख्या में समर्थक पहुंच चुके हैं, जो शिक्षामंत्री की इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं। अभिजीत दीपके ने भी एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए कहा कि, शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। 

संबंधित समाचार