पुलिस भर्ती परीक्षा : महानगर में तीन दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, परीक्षा में उमड़ेंगे अभ्यर्थी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में 8, 9 और 10 जून को भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगा। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने परीक्षार्थियों और आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है।

यातायात विभाग के अनुसार, बरेली शहर से रामपुर और दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन मिनी बाईपास और झुमका चौराहे की बजाय महादेव पुल, श्यामगंज पुल, डेलापीर, विलयधाम और विलवा पुल होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़े बाईपास, विलवा पुल, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहे के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे।

बदायूं की ओर से लखनऊ, शाहजहांपुर और पीलीभीत जाने वाले वाहनों को रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से फरीदपुर होकर भेजा जाएगा। इसी प्रकार लखनऊ और शाहजहांपुर की ओर से दिल्ली, रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास, विलयधाम, विल्वा और झुमका तिराहे के रास्ते गुजरेंगे। पीलीभीत और नैनीताल से बदायूं जाने वाले वाहन भी बड़े बाईपास और फरीदपुर मार्ग का उपयोग करेंगे। डायवर्जन व्यवस्था आकस्मिक सेवा वाहनों, रोडवेज बसों और नगर निगम की बसों पर लागू नहीं होगी। बारादरी, प्रेमनगर, इज्जतनगर, सीबीगंज, कोतवाली, किला और हाफिजगंज क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी दोपहिया वाहन, छोटे वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा से पहुंच सकेंगे।

पश्चिमी गेट से मिलेगा प्रवेश
अफसरों का कहना है कि जिन अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज और बरेली इंटर कॉलेज है, उन्हें बरेली कॉलेज के पश्चिमी गेट कालीबाड़ी मंदिर की ओर से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान कॉलेज का पूर्वी गेट बंद रहेगा। परीक्षार्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे समय से पहले निकलें तथा झुमका तिराहा, विलवा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, इन्वर्टिस तिराहा, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात असुविधा से बचें।

 

 

संबंधित समाचार