Asian Games 2026: चीन के बाद अब जापान में स्वर्ण पदक पर भारत की नजर, जसप्रीत बुमराह की एंट्री से मजबूत हुआ गोल्ड मेडल बचाने का मिशन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मजबूत स्क्वॉड का एलान कर दिया है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में कप्तानी करने के बाद श्रेयस अय्यर इस महाकुंभ में भी भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। इस टीम में युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि आईपीएल में रनों की बरसात करने वाले वैभव सूर्यवंशी भी इस दल का हिस्सा हैं। सबसे खास बात यह है कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आईपीएल 2026 के बाद सीधे एशियन गेम्स के जरिए टीम इंडिया में वापसी करने जा रहे हैं।

वेस्टइंडीज सीरीज से टकराएगा एशियन गेम्स का शेड्यूल

जापान के आइची प्रीफ़ेक्चर में एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच होना है। इस टूर्नामेंट का शेड्यूल भारत के वेस्टइंडीज दौरे से टकरा रहा है। भारत को 27 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर 6 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। यही वजह है कि बीसीसीआई ने एशियन गेम्स के लिए इस अलग टीम को हरी झंडी दी है।

टी20 फॉर्मेट में होगा मुकाबला, 10 टीमें लेंगी हिस्सा

एशियन गेम्स की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में 24 सितंबर से शुरू होगी और इसका खिताबी मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। इस बार गोल्ड मेडल के लिए कुल 10 टीमें मैदान में उतरेंगी, जिनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, नेपाल, जापान, मलेशिया, हांगकांग और ओमान शामिल हैं। 24 से 26 सितंबर के बीच क्वालिफायर मैच होंगे, जिसके बाद 28-29 सितंबर को क्वार्टर फाइनल और 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल खेले जाएंगे।

भारत के पास है इतिहास दोहराने का मौका

भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में बतौर गत चैंपियन (Defending Champion) उतरेगी। इससे पहले चीन के हांगझोउ (2023) में हुए एशियन गेम्स में भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता था। तब पुरुष वर्ग का फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था और बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया था। वहीं, महिला वर्ग में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 19 रनों से हराकर सोना जीता था। इस बार महिला क्रिकेट स्पर्धा 17 से 22 सितंबर के बीच होगी, जिसमें भारत सहित 8 टीमें शिरकत करेंगी।

एशियन गेम्स 2026 के लिए पूरी भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज