Lucknow News : ईंधन बचाने का संदेश लेकर साईकिल से निकले न्यायिक अधिकारी, योगाभ्यास और साइकिलिंग से फिटनेस की कसरत
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर राजधानी में योग शिविर छाने लगे, उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति ने 1090 चौराहा पर किया योगाभ्यास
न्यायिक अधिकारियों के अलावा लखनऊ में एक और साईकिल यात्रा निकली। दूसरी तरफ योगाभ्यास शिविर लगा। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के विषय पर आमजन को जागरुक किया गया।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यायिक अधिकारियों ने एक बार फिर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर साईकिल रैली निकाली है। रविवार को बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी साईकिल पर, "एक राष्ट्र, एक संकल्प-ईंधन बचाओ" का पोस्टर लगाकर निकले। इससे पहले 31 मई को भी 50 से ज्यादा जजों ने इसी संदेश के साथ साईकिल रैली निकाली थी।
पश्चिमी एशिया संघर्ष के कारण गहराते ईंधन संकट की चुनौती से पार पाने के लिए कम से कम वाहनों के उपयोग का आह्वान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक, ये अपील कर चुके हैं। इस बीच देशभर में मुख्यमंत्रियों से लेकर शीर्ष प्रशासिक अधिकारी तक इस मुहिम को आगे बढ़ाते दिखे।
इसी क्रम में लखनऊ में जजों ने 31 मई को साईकिल रैली निकालकर ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया था। अब एक बार लखनऊ में न्यायिक अधिकारी साईकिल से वही संदेश आम करने निकले हैं। उनकी ये रैली विश्व पर्यावरण दिवस के ठीक बाद हुई है। न्यायिक अधिकारियों ने अपनी साईकिल पर पोस्टर लगा रखे थे। जिसमें ईंधन बचाने का संकल्प लिखा था।
ज्वॉइन साईकिल विद मी
राजधानी लखनऊ में रविवार को फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण की जागरुकता मुहिम कसरत के साथ चली। साइकिलिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यहां ज्वॉइन साईकिल विद मी, नाम से अभियान चला। जीपीओ से साईकिल यात्रा शुरू होकर इमामबाड़ा तक पहुंची और यहां से वापस जीपीओ आई। बड़ी संख्या में लोग इस साईकिल अभियान का हिस्सा बने।
लखनऊ के 1090 चौराहे के पास योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले राजधानी में योगाभ्यास की तस्वीरें छाने लगी हैं। उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति ने रविवार को 1090 चौराहा पर योगाभ्यास किया। समिति के संरक्षक और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप से शामिल हुए।
योग समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर ने बताया कि शिविर लगाकर योग को लेकर जागरुक किया जा रहा है। 14 जून को आशियाना एलडीए से "योग जागरुकता रैली "निकाली जाएगी और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बड़ा आयोजन होगा।
व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं समिति के संरक्षक संजय गुप्ता ने कहा योग शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल उपाय है। मन और तन दोनों स्वस्थ प्रसन्न रहते। बच्चों को योग के संस्कार सिखाएं। योगाभ्यास में बड़ी संख्या में छात्र, बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और व्यापारी शामिल हुए। इस दौरान योग समिति के उपाध्यक्ष सुनील मौर्य, महासचिव ओपी श्रीवास्तव, सचिव महेंद्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष राजकुमार शुक्ला, आरके गुप्ता, लीलाधर, राज दुबे, शैलू , कोषाध्यक्ष रितेश खरबंदा श्रीमती अनु, श्रीमती प्रिया श्रीवास्तव, श्रीमती कुसुम पाठक, श्रीमती सविता सिंह ,श्रीमती हंसा चौबे, एलडी चौबे ,राजीव गुप्ता, सुरेंद्र मोर्य, विनोद मौर्य, जुगल किशोर, हरिश्चंद्र ओली के अलावा योगाचार्य और साधकों ने योग किया।
