UP Constable Recruitment Exam 2026: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए लगाई गई 1,014 बसें, हेल्पडेस्क और विशेष शटल सेवा शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

आठ से 10 जून तक दो पालियों में होगी परीक्षा

लखनऊ, अमृत विचारः उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की ऑफलाइन लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के शामिल होने के मद्देनजर परिवहन निगम ने व्यापक व्यवस्था की है, ताकि उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

1,35,936 परीक्षार्थियों के लिए विशेष परिवहन योजना

लखनऊ परीक्षा केंद्र पर विभिन्न जनपदों और अन्य राज्यों से कुल 1,35,936 परीक्षार्थियों के पहुंचने का अनुमान है। सबसे अधिक अभ्यर्थी मध्य प्रदेश (31,831), आगरा (12,000), अम्बेडकर नगर (10,000), जौनपुर (10,000), मैनपुरी (9,936) और कानपुर नगर (9,379) से आएंगे। इसके लिए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों और विशेष शटल सेवाओं की व्यवस्था की है।

1,014 बसों का संचालन, 30 बसें रिजर्व

क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि लखनऊ क्षेत्र के विभिन्न डिपो से कुल 1,014 बसें संचालित की जाएंगी। इनमें 612 निगम बसें और 422 अनुबंधित बसें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 30 बसों को आकस्मिक परिस्थितियों के लिए आरक्षित रखा गया है। चारबाग, अवध, कैसरबाग, आलमबाग, हैदरगढ़, रायबरेली और बाराबंकी डिपो को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर 46, लखनऊ-आजमगढ़/अयोध्या मार्ग पर 20, लखनऊ-रायबरेली-प्रयागराज मार्ग पर 8, लखनऊ-कानपुर मार्ग पर 8, लखनऊ-वाराणसी मार्ग पर 14 और लखनऊ-आगरा-मथुरा मार्ग पर 28 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। कुल 124 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर हेल्पडेस्क

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर उतरने वाले परीक्षार्थियों को हेल्पडेस्क के माध्यम से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की जानकारी दी जाएगी। हेल्पडेस्क पर सिटी बसों के रूट, बस नंबर और समय-सारिणी की जानकारी उपलब्ध रहेगी। परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए सिटी बसों का संचालन सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम तक किया जाएगा।

सुविधाओं और निगरानी के विशेष निर्देश

बस स्टेशनों पर पूछताछ कक्ष, पेयजल, शौचालय, वाटर कूलर, टी-स्टॉल और खानपान की सुविधाएं 24 घंटे संचालित रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। साथ ही बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और नियमित उद्घोषणाओं के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए क्षेत्रीय कंट्रोल रूम के नंबर 8726005808 तथा हेल्पलाइन नंबर 18001805014 पर संपर्क किया जा सकता है।

संबंधित समाचार