Auraiya News : खेत की जुताई करते समय रोटावेटर की चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक की मौत, परिवार में कोहराम
औरैया जिले के थाना कुदरकोट क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां धान की रोपाई के लिए खेत की जुताई कर रहे एक युवा ट्रैक्टर चालक की रोटावेटर में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई।
औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना कुदरकोट क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां धान की रोपाई के लिए खेत की जुताई कर रहे एक युवा ट्रैक्टर चालक की रोटावेटर में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण युवक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गया।
परिवार में मचा कोहराम
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुदरकोट थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खास (मजरा टीला) निवासी सुरजीत यादव उर्फ पुता (35 वर्ष) रविवार सुबह रठा गांव में सतपाल उर्फ लहुआ के खेत की जुताई करने गए थे। आगामी सीजन को देखते हुए खेत में धान की रोपाई की तैयारी चल रही थी, जिसके लिए ट्रैक्टर के पीछे रोटावेटर लगाकर मिट्टी को समतल किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक ऐसा मोड़ आया जिसने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।
जुताई के दौरान बिगड़ा संतुलन से ट्रैक्टर के नीचे गिरा चलाक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जुताई के दौरान अचानक सुरजीत का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया, जिससे वह सीधे चलते ट्रैक्टर के नीचे जा गिरे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या ट्रैक्टर को रोका जाता, सुरजीत पीछे घूम रहे रोटावेटर के ब्लेडों की जद में आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दिल दहला देने वाले इस हादसे की खबर जैसे ही आस-पास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर कुदरकोट थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को रोटावेटर से बाहर निकाला और पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
परिवार का बड़ा सहारा था सुजीत
परिजनों ने बताया कि दो भाइयों में छोटे सुरजीत यादव अभी अविवाहित थे और अपने परिवार का बड़ा सहारा थे। उनकी अचानक मौत से मां शिरोमणि देवी, बड़े भाई शिववीर और बहन नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का हर शख्स इस होनहार युवक की असमय मौत से स्तब्ध है। मामले की जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
