Baghpat News : बागपत में तैनात घूसखोर जिला पूर्ति अधिकारी व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी निलंबित
बागपत। यूपी के बागपत जिले में तैनात रहे जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) अनूप तिवारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) जोगेंद्र सिंह को आठ दिन पूर्व हुए रिश्वत प्रकरण मामले में शासन ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ किया था गिरफ्तार
दरअसल, पिलाना ब्लॉक के ग्राम बुढ़सैनी निवासी राशन डीलर नरेंद्र सिंह से खाद्यान्न वितरण के कमीशन के नाम पर 29 मई को जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी ने 40 हजार और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने 10 हजार रुपये लिए थे। उसी समय विजिलेंस की टीम ने छापामारी कर डीएसओ को कार्यालय से ही रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एआरओ टीम को चकमा देकर वहां से अपनी कार से भाग निकले थे।
हालांकि बाद में टीम ने घेराबंदी कर उनको भी हापुड़ जनपद के ग्राम निजामपुर स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया था। दोनों अधिकारियों के खिलाफ विजिलेंस टीम में शामिल सीओ आजाद सिंह केसरी ने बागपत कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
उन दोनों को 30 मई को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था। इस संबंध में पूर्ति विभाग के आला अधिकारियों द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट शासन को भेजी थी।अब शासन ने रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई कर दी है। संयुक्त आयुक्त खाद्य मेरठ रंजन गोयल ने पुष्टि करते हुए बताया कि जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जोगेंद्र सिंह को शासन ने निलंबित कर दिया है।
