Amethi News: अज्ञात बदमाशों ने की बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में हड़कंप
जगदीशपुर, अमेठी अमृत विचारl कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत में सोमवार को लोढ़ियांवा गांव में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां लगभग 70 से 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हीरालाल पुत्र जगेस्वर दुबे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग सोमवार सुबह करीब 5 बजे घर से खेत की ओर शौच के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान हाईवे किनारे स्थित शिव ढाबा के पास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव और परिजनों में कोहराम मच गया है।
