देशभर में मानसून का क्या है हाल? कहीं भारी बारिश से आफत तो कहीं लू का सितम, जानें अपने राज्य का अपडेट

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। दिल्ली में सोमवार सुबह गर्मी रही और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.6 डिग्री अधिक है। शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद लोधी रोड में 27.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 27 डिग्री सेल्सियस और पालम में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आयानगर में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा, जबकि रिज पर तापमान मौसम के औसत से 0.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। 

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, शहर में सुबह 8:30 बजे कुछ मौसम केंद्रों पर हल्की बारिश भी हुई, जिसमें आयानगर में 4.7 मिमी और पालम में 3.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई है, और औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 153 रहा। 

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'अत्यंत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है। आईएमडी के अनुसार, राजधानी में आज अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

तेलंगाना में अगले सात दिन में तेज हवा- बिजली चमकने का अनुमान

तेलंगाना में अगले सात दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, तेज हवाओं और बादलों के गरजने के साथ बिजली चमकने की घटनाओं का अनुमान है। मौसम विभाग ने  जारी दैनिक मौसम बुलेटिन में बताया कि इसी अवधि के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या कुछ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके साथ ही अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में एक या दो स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान भद्राचलम में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

राजस्थान के कई इलाकों में फिर भीषण गर्मी

राजस्थान के कई इलाकों में एक बार फिर तेज गर्मी पड़ रही है और गंगानगर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान कई जगह बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में 'हीटवेव' चल सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सोमवार सुबह तक बीते चौबीस घंटों में पूर्वी भाग में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गयी। 

सर्वाधिक बारिश पुष्कर (अजमेर) में 50.0 मिलीमीटर हुई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां अभी जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और लू चल सकती है। 

केरल में भारी बारिश की चेतावनी 

केरल में सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहा और राज्य भर में 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है, जो अलग-अलग हिस्सों में 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक की अत्यधिक भारी बारिश की आशंका होने पर जारी किया जाता है। 

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और वायनाड जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। इस अलर्ट के अनुसार इन क्षेत्रों में छह सेंमी से 11 सेंमी तक भारी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार के लिए आईएमडी ने मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है वही पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। 

मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है क्योंकि केरल के तटों और उनके आसपास के क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। सोमवार के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तिरुवनंतपुरम जिले के लिए तीन घंटे का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है जिसमें 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और गरज और बिजली के साथ छिटपुट स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 

भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए सावधानी के तौर पर राज्य भर में कई पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने भूस्खलन, कीचड़ धंसने और अचानक आने वाली बाढ़ से निवासियों को सतर्क रहने और अधिकारियों द्वारा सलाह दिए जाने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है। तेज़ हवाओं की संभावना को देखते हुए कमज़ोर या कच्चे मकानों में रहने वालों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। 

अधिकारियों ने जनता से तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति में सुधार होने तक जलप्रपातों, जलाशयों और पहाड़ी पर्यटन स्थलों से दूर रहने का आग्रह किया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने कहा कि पूरे राज्य में तालुक और जिला स्तर के नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। 

शिमला में हल्की बारिश, लू का 'येलो अलर्ट' जारी 

शिमला मौसम कार्यालय ने रविवार को मंगलवार और बुधवार के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया और राज्य में 12 जून तक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया। ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए मंगलवार और बुधवार को 'येलो अलर्ट' जारी किया गया था। इसके अलावा, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बूंदाबांदी, आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाओं की भी भविष्यवाणी की गई है। 

राज्य में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हुई और शनिवार शाम से पिछले 24 घंटों में मेहरे में पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद कांगड़ा में 1.2 मिमी., बर्थिन में एक मिमी., रेणुका में 0.8 मिमी., रायपुर मैदान में 0.4 मिमी. बारिश हुई, जबकि सुंदरनगर और धर्मशाला में बेहद मामूली बारिश हुई। ताबो में रात का समय सबसे अधिक ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में दिन के समय सबसे अधिक गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस था। 

छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप बरकरार 

छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। हालांकि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, लेकिन रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित मैदानी इलाकों में लोगों को तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 12 जून के बाद प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।  

राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में वर्षा भी हुई। कुसमी में 7 सेंटीमीटर, कापू में 3 सेंटीमीटर तथा बलरामपुर, कांसाबेल और पोड़ी उपरोड़ा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने कहा, "दक्षिण पश्चिम मानसून नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के कुछ भाग, असम और अरुणाचल प्रदेश में आज दिनांक 7 जून को पहुंच गया है। इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। 

अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ भाग, आंध्र प्रदेश के कुछ भाग, तमिलनाडु के शेष भाग, छत्तीसगढ़ के कुछ भाग, उड़ीसा के कुछ भाग, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ भाग में पहुंचने की संभावना है।" उन्होंने बताया, "प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटें पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ अंधड़ के आसार हैं। फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है। 

12 जून के बाद वर्षा गतिविधियों में तेजी के संकेत 

वहीं 12 जून के बाद बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के साथ वर्षा अथवा आंधी की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश के प्रमुख शहरों में दर्ज अधिकतम तापमान में बालोद 41.7 डिग्री सेल्सियस, बेमेतरा 41.5 डिग्री सेल्सियस, कवर्धा 41.5 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग 41.2 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर 41.0 डिग्री सेल्सियस, राजनांदगांव 40.9 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर 38.4 डिग्री सेल्सियस तथा अंबिकापुर 36.6 डिग्री सेल्सियस शामिल हैं।

 

ये भी पढ़ें  : 
मोहाली ब्लास्ट का यूपी कनेक्शन? पंजाब STF और UP ATS की संयुक्त कार्रवाई में देवबंद से आंतकी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

संबंधित समाचार