UP News: पोकलेन और हाइड्रा मशीनें लगाकर कसेरुआ में ध्वस्त की गई बहुमंजिली मस्जिद 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पोस्टर व झंडा मामले में मुतवल्ली समेत आठ पर मुकदमा दर्ज, मस्जिद ध्वस्तीकरण पर सांसद बर्क भड़के

संभल, अमृत विचार। संभल के कसेरुआ गांव में तोड़ी जा रही मस्जिद के परिसर से पोस्टर और झंडा मिलने के मामले में पुलिस ने मस्जिद के मुतवल्ली समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं कब्रिस्तान की भूमि पर बनी बहुमंजिली मस्जिद को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मस्जिदों और मदरसों से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस कार्रवाई का कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा। उधर, प्रशासन ने रविवार को दूसरे दिन भी ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखते हुए पोकलेन और हाइड्रा मशीनों की मदद से मस्जिद की मीनार समेत बड़े हिस्से को गिरा दिया। हालांकि देर शाम तक भी कुछ हिस्सा ध्वस्त किया जाना बाकी था।

विवादित है मुस्तफा कादरी मस्जिद
गांव कसेरुआ में स्थित मुस्तफा कादरी मस्जिद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। राजस्व अभिलेखों में संबंधित भूमि कब्रिस्तान के नाम दर्ज होने के बाद लेखपाल की रिपोर्ट पर तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर किया गया था। सुनवाई के दौरान प्रशासन की ओर से प्रस्तुत अभिलेखों और रिपोर्टों के आधार पर न्यायालय ने निर्माण को अवैध मानते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए थे। मस्जिद प्रबंधन की ओर से इस आदेश को उच्चतर न्यायालय में चुनौती दी गई, लेकिन वहां से भी राहत नहीं मिल सकी। इसके बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।

गांव में पुलिस बल रहा तैनात
शनिवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शुरू किया गया था। मस्जिद का कुछ हिस्सा तोड़ दिया गया था, लेकिन भवन बहुमंजिला होने और ऊंचाई अधिक होने के कारण कार्य में तकनीकी कठिनाइयां सामने आईं। इसी वजह से रविवार को प्रशासन ने पोकलेन और हाइड्रा मशीनों की व्यवस्था कराई। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने सुबह से ही कार्रवाई शुरू कर दी।ध्वस्तीकरण के दौरान गांव में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। 

गिराया गया मस्जिद का विशाल मीनार
क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार सिंह दिनभर गांव में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लगातार मौके पर रहकर अभियान का जायजा लिया। दोपहर के समय पोकलेन मशीन की मदद से मस्जिद की तीसरी मंजिल पर बनी विशाल मीनार को गिरा दिया गया। इसके बाद तीसरी मंजिल की छत, दीवारों और अन्य हिस्सों को तोड़ने का कार्य शुरू किया गया। देर शाम तक मशीनें लगातार चलती रहीं और बड़ी मात्रा में मलबा एकत्र हो गया। नगर पालिका और नगर पंचायत के डंपरों की मदद से मलबा हटाने का कार्य भी साथ-साथ जारी रहा।

अवैध निर्माण हटाने तक चलेगा ध्वस्तीकरण
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ध्वस्तीकरण का कार्य तब तक जारी रहेगा जब तक पूरा अवैध निर्माण हटा नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि रविवार को अधिकांश निर्माण ध्वस्त कर दिया गया है, जबकि शेष कार्य सोमवार को अथवा पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न होने के बाद कराया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि न्यायालय के आदेश का पूर्ण अनुपालन कराया जाए और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया जाए।


समाज में वैमनस्यता फैलाने वाला प्रतीत होता है पोस्टर व झंडे का कृत्य
ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक सामग्री मिलने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस का कहना है कि मस्जिद के अंदर से आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर और चांद-सितारा अंकित हरे रंग का झंडा बरामद हुआ था। मामले में वैमनस्य फैलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उपनिरीक्षक अरुण कुमार की तहरीर पर थाना नखासा पुलिस ने मुतव्वली जाकिर , जाकिर हुसैन , तसलीम , भूरे अली , शरफुद्दीन , दिलशरीफ व मोहब्बत अली समेत आठ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। उपनिरीक्षक ने बताया कि ध्वस्तीकरण के दौरान मस्जिद भवन के निरीक्षण में सबसे ऊपरी मंजिल पर बने मुख्य हाल में रखे एक तख्त के गद्दे के नीचे ए-4 आकार के 49 पोस्टर बरामद हुए, जिन पर आई लव मोहम्मद मुद्रित था। इसके अलावा एक हरे रंग का झंडा भी मिला, जिस पर अर्द्धचंद्र और सितारा बना हुआ था। पुलिस ने उक्त सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। तहरीर में कहा गया है कि बरामद सामग्री के कारण हिंदू समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त है तथा यह कृत्य समाज में वैमनस्यता फैलाने वाला प्रतीत होता है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कसेरुआ गांव में मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान भवन के अंदर से कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस द्वारा आठ व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

पुलिस भर्ती परीक्षा: शाहजहांपुर में पहली पाली में 991 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, सख्त चेकिंग के बाद मिला प्रवेश
Pepsi Sharma Death : हमेशा के लिए खामोश हो गई पेप्सी शर्मा की आवाज, 38 साल की उम्र में निधन, हरियाणवी इंडस्ट्री में शोक की लहर
UP Police Constable Exam 2026 : परीक्षा के पहले दिन 16 लाख प्रवेश पत्र डाउनलोड, सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर एंट्री
Stock Market Today : शेयर मार्केट में सोमवार को भारी गिरावट, लाल निशान में आए सेंसेक्स-निफ्टी, जानिए आज के बाजार का हाल
अब CUET UG से LU में बीफार्मा का प्रवेश, अंकों के आधार पर मिलेगा एडमिशन; नए नियम इसी सत्र से लागू