टेक जानकारी: घर बैठे पेन कार्ड में फोटो करें अपडेट
यदि आपके पेन कार्ड पर लगी तस्वीर पुरानी, धुंधली या वर्तमान स्वरूप से मेल नहीं खाती है, तो भविष्य में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों में पहचान सत्यापन के दौरान फोटो का मिलान किया जाता है। यदि कार्ड पर लगी तस्वीर और आपकी मौजूदा पहचान में काफी अंतर है, तो KYC, खाता संचालन या अन्य जरूरी कार्यों में बाधा आ सकती है। इसलिए समय-समय पर पेन कार्ड में फोटो अपडेट कराना एक आवश्यक प्रक्रिया मानी जाती है।
अच्छी बात यह है कि अब फोटो बदलवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। यह काम ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे आसानी से किया जा सकता है।
इसके लिए सबसे पहले NSDL या UTIITSL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पेन करेक्शन/अपडेट के विकल्प का चयन करना होता है। इसके बाद भारतीय नागरिकों के लिए निर्धारित Form 49A भरना पड़ता है। आवेदन करते समय Photo Mismatch या फोटो सुधार से संबंधित विकल्प का चयन करना जरूरी होता है।
फॉर्म भरते समय पेन नंबर, नाम, जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत जानकारी सही-सही दर्ज करनी चाहिए। इसके बाद हाल ही की पासपोर्ट साइज फोटो निर्धारित फॉर्मेट में अपलोड करनी होती है। साथ ही पहचान प्रमाण के रूप में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य मान्य दस्तावेजों की स्कैन कॉपी भी जमा करनी होती है।
सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होता है। वर्तमान में इसके लिए लगभग 91 रुपये के साथ लागू जीएसटी का भुगतान करना पड़ता है।
आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद आवेदक को 15 अंकों का Acknowledgment Number प्राप्त होता है। इस नंबर की मदद से आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक की जा सकती है। कुछ मामलों में हस्ताक्षरित आवेदन पत्र और दस्तावेजों की प्रतियां डाक के माध्यम से भी भेजनी पड़ सकती हैं।
