UP STF का बड़ा एक्शनः 1.65 लाख का इनामी सुपारी किलर भानु प्रताप एनकाउंटर में ढेर!
लखनऊः यूपी में अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार का 'ऑपरेशन क्लीन' लगातार जारी है। इसी कड़ी में यूपी पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स यानी UP STF को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है।
STF ने पूर्वांचल के कुख्यात और 1.65 (पैंसठ) का इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह को एक सनसनीखेज एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। जी हां, वही भानु प्रताप सिंह, जो पुलिस की फाइलों में एक बदनाम 'सुपारी किलर' और 'कॉन्ट्रैक्ट किलर' के तौर पर दर्ज था। इस शातिर अपराधी पर हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी के 40 से ज्यादा संगीन मुकदमे दर्ज थे।
यह मुठभेड़ अयोध्या में हुई है। एसटीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) अमिताभ यश के मुताबिक, एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट को इस बात का इनपुट मिला था कि भानु प्रताप सिंह अयोध्या के आसपास छिपा है। जैसे ही एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी की, खुद को घिरता देख इस दुस्साहसी अपराधी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
लेकिन एसटीएफ की जांबाज टीम कहां पीछे हटने वाली थी! जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें भानु प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अयोध्या के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आपको बता दें कि भानु प्रताप सिंह मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला था और पिछले कई सालों से फरार चल रहा था। अदालतों से गैर-हाजिर रहने के कारण पुलिस लगातार इसकी तलाश में खाक छान रही थी। इसके आतंक का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि यूपी के तीन जिलों की पुलिस ने इस पर अलग-अलग इनाम घोषित कर रखा था:
- आजमगढ़ पुलिस ने इस पर 1 लाख रुपये का इनाम रखा था।
- अम्बेडकरनगर पुलिस की तरफ से 50 हजार का इनाम था।
- और गोरखपुर पुलिस ने इस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
- यानी कुल मिलाकर 1 लाख 65 हजार रुपये का इनामी यह कांट्रैक्ट किलर अब मिट्टी में मिल चुका है।
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले इस बड़े अपराधी के खात्मे के बाद, एसटीएफ ने राहत की सांस ली है। इस एनकाउंटर ने एक बार फिर अपराधियों को साफ संदेश दे दिया है कि यूपी में अपराध करने वालों का अंजाम क्या होगा।
