Bareilly News: किचन का बजट बिगाड़ रहा LPG सिलेंडर, कीमत फिर बढ़ने से उपभोक्ता हताश
गृहिणियों ने बढ़ती कीमतों पर जताई नाराजगी, सरकार से राहत की मांग की
वैश्विक तनाव के बीच महंगाई से जूझ रहे लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई। अब 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत बरेली में 943 रुपये हो गई है। पिछले तीन महीनों में दूसरी बार दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले सात मार्च को प्रति सिलेंडर 60 रुपये की भारी वृद्धि की गई थी।
बरेली, अमृत विचार। वैश्विक तनाव के बीच महंगाई से जूझ रहे लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई। अब 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत बरेली में 943 रुपये हो गई है। पिछले तीन महीनों में दूसरी बार दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले सात मार्च को प्रति सिलेंडर 60 रुपये की भारी वृद्धि की गई थी।
सरकार से राहत देने की मांग
गृहिणियों का कहना है कि जीवन यापन के लिए जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। तेल, दालें, मसाले, सब महंगी होती जा रही है। अब गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से घर चलाना और मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण और राहत देने की मांग की है ताकि घरेलू बजट को संभाला जा सके और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो सकें।
घर चलाना हुआ बड़ी चुनौती
मढ़ीनाथ की दीपिका ने बताया कि पहले से ही दाल, तेल और हरी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे थे, ऊपर से घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपये महंगा कर दिया गया। मार्च माह में भी दाम बढ़े थे और अब जून में फिर झटका दे दिया। पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस महंगी होने से अब घर चलाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
गांधी नगर की पूनम गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन महीनों में दूसरी बार एलपीजी सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। मार्च में 60 रुपये बढ़े और अब फिर 29 रुपये बढ़ा दिए गए। समझ नहीं आता कि किचन का बजट कैसे संभालें। हर चीज की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन का जीन मुहाल हो गया है।
एलपीजी सिलेंडर ने तोड़ी कमर
बदायूं रोड की पूजा शुक्ला के मुताबिक पेट्रोल-डीजल और राशन महंगा होने के बाद एलपीजी की नई बढ़ोतरी ने कमर ही तोड़ दी है। 943 रुपये का एक सिलेंडर मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी पड़ता है। वैश्विक तनाव अपनी जगह है, सरकार को लोगों की आर्थिक स्थिति का ध्यान रखना चाहिए।
मध्यम वर्ग के बारे में सोचे सरकार
सुभाषनगर की सीमा अरोड़ा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी तरह का संकट आता है, उसका सीधा असर हमारी रसोई पर पड़ता है। गैस एजेंसियों ने नए एलपीजी के रेट तुरंत बढ़ा दिए। यह जेब पर बोझ है। पहले से ही बहुत खर्च है। सरकार को मध्यम वर्ग के बारे में सोचना चाहिए, ताकि हम भी से रह सकें।
