देवा में संविदा बिजली कर्मी की मौत पर बवाल, नाराज ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाकर किया सड़क जाम
देवा, बाराबंकी। माती थाना क्षेत्र में एक संविदा बिजली कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों ने प्रधान प्रतिनिधि समेत कई लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने खेवली चौराहे पर प्रदर्शन कर देवा-कुर्सी मार्ग जाम करने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हो गया।
5.jpg)
जानकारी के अनुसार, चौबेपुर निवासी 20 वर्षीय दुर्गेश रावत, जो बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था, मंगलवार देर रात लाइन फाल्ट की सूचना पर मजदूर बुलाने के लिए निकला था। आरोप है कि मीरपुर माइनर की पटरी के पास डीजे कार्यक्रम के दौरान रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि मान सिंह चौहान समेत कई लोगों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई और घायल अवस्था में उसे सीएचसी देवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संविदा बिजली कर्मी की मौत के बाद भड़के ग्रामीण
वहीं, घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने खेवली चौराहे पर प्रदर्शन कर सड़क जाम करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
