मोदी सरकार के 12 साल : UP में कल से चलेगा जनभागीदारी अभियान, जिलों में रात्रि प्रवास करेंगे मंत्री, CM योगी ने दिए दिशा-निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

विश्व पर्यावरण दिवस से योग दिवस तक जनता के बीच जाएंगी डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां

लखनऊ, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में 5 जून से 21 जून तक जनभागीदारी आधारित विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे तथा चौपाल, जनसंवाद और रात्रि प्रवास के माध्यम से लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजागरण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि 5 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत न्यूनतम पांच करोड़ पौधों का रोपण किया जाए। पौधरोपण के साथ उनकी जियो टैगिंग और संरक्षण की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवधि में प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं, युवा उद्यमियों और स्टार्टअप इनोवेटरों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार की उपलब्धियों, निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि 14 से 16 जून तक विकास खंड स्तर पर जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले आयोजित कर पात्र लेकिन वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनसमस्याओं का समाधान किया जाए। प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी गांवों में रात्रि प्रवास कर स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन करेंगे।

सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता

मुख्यमंत्री ने आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्हें बताया गया कि 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में होने वाली परीक्षा में लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। सीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और गोपनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, पेयजल, छाया, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

रियायती किराये पर चलेंगी विशेष बसें

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षा लाखों युवाओं की आकांक्षाओं से जुड़ी है। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम रियायती किराये पर विशेष अंतर्जनपदीय बसों का संचालन करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था बनाई जाए।

प्लास्टिक मुक्त गांव और शहरों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान चलाया जाए। इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा हो सके।

संबंधित समाचार