कन्नौज : ब्लॉक प्रमुख विवाद के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, हटाई गईं IAS वैशाली, नवनीता रॉय बनीं एसडीएम सदर
दो दिन पहले भाजपा समर्थित प्रमुख ने लगाया था अभद्रता का आरोप, दिया था धरना दोबार धरने की धमकी के बाद देर रात जिलाधिकारी ने किया फेरबदल
कन्नौज, अमृत विचार। भाजपा समर्थित ब्लाक प्रमुख कन्नौज के साथ विवाद का मामला तूल पकड़ गया। अंतत: जिलाधिकारी ने देर रात फेरबदल करते हुए सुश्री वैशाली को कन्नौज सदर से हटाकर तिर्वा तहसील की जिम्मेदारी दे दी जबकि एसडीएम न्यायिक का काम देख रहीं नवनीता रॉय को सदर का उपजिलाधिकारी बना दिया।
बताते चलें कि दो दिन पहले सदर ब्लाक प्रमुख रामू कठेरिया अपनी पत्नी लवली कठेरिया के नाम जमीन की धारा 80 की फाइल को लेकर जानकारी करने पहुंचे थे। आरोप है कि एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली ने उनको कुर्सी से उठने और कक्ष से निकल जाने को कहा। इससे भड़के ब्लाक प्रमुख तहसील परिसर में ही धरने पर बैठ गए थे।
कहा था कि वे रहेंगे या फिर एसडीएम रहेंगी। जानकारी पर पहुंचे जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया उनको साथ लेकर कलेक्ट्रेट गए थे। वहां जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री से मिलकर शिकायत की और कार्रवा की मांग की थी।
इसके बाद प्रमुख अगले दिन बुधवार को फिर से जिलाधिकारी से मिले और मामले में कार्रवाई की मांग की। यह भी कहा था कि कार्रवाई न होने पर वे गुरुवार से फिर धरना शुरू कर देंगे। इसके बाद बुधवार देर रात जिलाधिकारी की ओर से ट्रांसफर आदेश जारी कर दिया गया। इसके अनुसार वैशाली (आईएएस) को तिर्वा का उपजिलाधिकारी बना दिया गया जबकि सदर में न्यायिक का काम देख रहीं उपजिलाधिकारी नवनीता रॉय को कन्नौज सदर की जिम्मेदारी दे दी गई। वहीं रेशमा सहाय को उपजिलाधिकारी न्यायिक बनाया गया है। उधर तिर्वा एसडीएम राजेश कुमार को न्यायिक की जम्मेदारी दी गई है। उन्होंने सुश्री वैशाली को पदभार सौंप दिया।
