PM की नई उपलब्धि पर BJP कार्यकर्ताओं में उत्साह... मंत्री सतीश शर्मा बोले- पीएम मोदी युग चेतना के प्रतीक
बाराबंकी, अमृत विचार। भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सर्वाधिक लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम बुधवार को दर्ज हो गया। इस ऐतिहासिक पल को भारतीय जनता पार्टी ने विशेष धार्मिक आयोजनों के जरिए मनाया। इसी दिन केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन एवं सफल नेतृत्व की कामना की। जनपद के सभी 25 मंडलों में स्थित प्राचीन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं संग नागेश्वर नाथ मंदिर में की पूजा
भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने कार्यकर्ताओं संग शहर के नागेश्वर नाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने रामसनेहीघाट में कल्याणी नदी तट पर स्थित प्राचीन बूढ़े बाबा मंदिर में सफाई में हिस्सा लिया। हनुमान चालीसा का पाठ किया एवं प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ, दीर्घ जीवन एवं देश की समृद्धि की मंगलकामनाएं की। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत एवं पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने महादेवा के लोधेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की।

एमएलसी अंगद सिंह ने कोटवाधाम में किया हवन पूजन
एमएलसी अंगद सिंह ने कोटवाधाम में हवन पूजन किया। अमरीश रावत ने सिद्धौर के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह ने धनोखर सरोवर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य एवं डॉ राम कुमारी मौर्य ने शहर के नागेश्वर नाथ एवं बंकी देहात मंडल के कैथी सरैया के शिव मंदिर में जबकि पूर्व अध्यक्ष शशांक कुसुमेश ने भगौली तीर्थ शिव मंदिर में पूजा की।
राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने प्रधानमंत्री की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान संपूर्ण देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी युग चेतना के प्रतीक बन कर उभरे हैं, जिन्होंने करोड़ों देशवासियों को 'विकसित भारत' के स्वप्न से जोड़ा है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को पीछे छोड़ते हुए कुल 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री के तौर पर इस देश की कमान संभाली। इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, सरोज रावत, रचना श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, नवीन राठौर, रामेश्वरी त्रिवेदी, अर्चना मिश्रा, जंग बहादुर पटेल, सूरज सिंह, सर्वेश अवस्थी, राहुल बाल्मीकि, मुकेश त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
