बरेली: नए साल पर सामूहिक आयोजन से बच रहे लोग, घर पर ही मनाएंगे जश्न

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। क्रिसमस और नए साल का जश्न इस बार कोरोना की भेंट चढ़ गए हैं। हर साल धूमधाम से नए साल का जश्न होटलों, क्लबों और रेस्तरां में मनाया जाता था। पूरी रात पार्टियों का दौर चलता था लेकिन इस बार लोग सामूहिक आयोजन से बच रहे हैं। घर पर ही नए साल …

अमृत विचार, बरेली। क्रिसमस और नए साल का जश्न इस बार कोरोना की भेंट चढ़ गए हैं। हर साल धूमधाम से नए साल का जश्न होटलों, क्लबों और रेस्तरां में मनाया जाता था। पूरी रात पार्टियों का दौर चलता था लेकिन इस बार लोग सामूहिक आयोजन से बच रहे हैं। घर पर ही नए साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में होटल व्यवसायियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

हर बार नए साल के आगमन का स्वागत लोग बड़े धूमधाम से करते थे लेकिन इस बार कोरोना का खौफ नए साल की खुशियों को फीका कर रहा है। ऐसे में लोगों में नए साल का उत्साह अभी कम देखा जा रहा है। बाजार में भी खासी रौनक नजर नहीं आ रही है। इस बार नए साल मनाने के होटलों द्वारा किए जाने वाले आयोजनों पर अभी तक कोई स्पष्ट सरकारी गाइडलाइन नहीं मिलने पर संशय बरकरार है।

हालांकि, होटलों में बुकिंग के लिए लोग पूछताछ कर रहे हैं। अभी तक विभन्न होटलों में नए साल के लिए 10 प्रतिशत तक बुकिंग भी नहीं हुई हैं। होटल कारोबारियों द्वारा भी इन समारोहों के आयोजन के लिए अभी कोई तैयारी शुरू नहीं की गई है। होटल कारोबारियों का मानना है कि होटलों में हल्के-फुल्के रूप में ही नये साल को लेकर होने वाले आयोजन सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ही किए जाएंगे।

होटल, रेस्टोरेंट, क्लब आदि में अभी कोई बुकिंग नहीं हुई है। हालांकि, होटल, रेस्टोरेंट संचालक लोगों को अपने यहां संक्रमण मुक्त माहौल देने का प्रयास कर रहे हैं। होटलों और रेस्टोरेंट आदि में शारीरिक दूरी से लेकर मास्क, सैनेटाइजर आदि की व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का दावा किया जा रहा है। संक्रमण न बढ़े, इसे लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

ब्रिटेन में फैल रहा नया वायरस भी बढ़ा रहा खौफ
होटल कारोबारी राजा चावला बताते हैं कि कोरोना काल में ब्रिटेन में फैल रहा नया वायरस भी खौफ बढ़ा रहा है। ऐसे में लोग इस उम्मीद के साथ नए साल का स्वागत करने में लगे हैं कि आने वाला साल सभी के जीवन में खुशहाली लेकर आए। देश के साथ दुनिया भी कोरोना संक्रमण से मुक्त हो जाए। इसलिए दोस्तों के साथ मिलकर नए साल का जश्न तो मनाएंगे लेकिन कोरोना की चेन न बढ़े, इसका पूरा ध्यान रखेंगे।

इस बार नहीं पहले जैसा उत्साह
होटल कारोबारी अंकुर बताते हैं कि इस बार कोरोना की वजह से बुकिंग नहीं हुई है। पहले लोग दिसंबर महीने की शुरुआत में ही होटल, रेस्तरां की बुकिंग करा लेते थे। कोरोना के कारण लोगों में भी जागरूकता आई है। लोग इस बार नए साल का जश्न सामूहिक रूप से मनाने से परहेज कर रहे हैं। घर पर ही पारिवारिक सदस्यों के साथ नए साल का जश्न मनाने की तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन से भी अभी तक कोई अनुमति नहीं मिली है।

संबंधित समाचार