लश्कर सरगना हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, पहलगाम आतंकी हमले पर NIA का बड़ा एक्शन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

जम्मू। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) की विशेष अदालत ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (Non-Bailable Warrant) जारी किया है। एनआईए द्वारा पहलगाम हमले के मामले में पूरक आरोपपत्र (Supplementary Chargesheet) दाखिल किए जाने के दो दिन बाद, 8 जुलाई को विशेष अदालत के न्यायाधीश ने यह सख्त आदेश पारित किया।

वैश्विक आतंकी और मुंबई हमले का मास्टरमाइंड

भारत और अमेरिका द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित किया जा चुका 76 वर्षीय हाफिज सईद 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का भी मुख्य साजिशकर्ता है। जम्मू स्थित विशेष एनआईए अदालत में दाखिल पूरक आरोपपत्र में सईद को व्यक्तिगत हैसियत के साथ-साथ प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उससे जुड़े संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) के प्रमुख के रूप में आरोपी बनाया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

"जानबूझकर गिरफ्तारी से बच रहा है हाफिज सईद"

अदालत के आदेश के अनुसार, एनआईए ने कोर्ट को सूचित किया कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा का निवासी और फरार आतंकवादी हाफिज सईद पहलगाम आतंकी हमले के मामले में मुख्य आरोपी है और वह जानबूझकर गिरफ्तारी से बच रहा है। जांच एजेंसी ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच को आगे बढ़ाने के लिए उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी करने का अनुरोध किया था। न्यायाधीश ने अपने आदेश में कहा, "निष्पक्ष, पूर्ण और प्रभावी जांच के लिए आरोपी (हाफिज सईद) की गिरफ्तारी और हिरासत में लेकर पूछताछ करना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए उसके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाता है और कानून के अनुसार इसे लागू कराने के लिए एनआईए, जम्मू के उप महानिरीक्षक (DIG) को भेजा जाता है।"

क्या था पहलगाम आतंकी हमला?

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल पहलगाम में आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 26 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस कायराना हमले में जान गंवाने वाले लोगों में अधिकतर निर्दोष पर्यटक शामिल थे।

ये भी पढ़ें : 
वियतनाम में जान गंवाने वाले पर्यटकों के पार्थिव शरीर लौटे भारत, फ्री एम्बुलेंस से भेजे गए पैतृक गांव

 

संबंधित समाचार