कानपुर: महाराजपुर थाने के अंदर युवक ने खुद को लगाई आग, बचाने में थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मी भी झुलसे

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कानपुर के महाराजपुर थाने में मंगलवार को आत्मदाह के प्रयास की घटना से अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उर्सला अस्पताल भेजा गया, जबकि उसे बचाने के दौरान थाना प्रभारी और दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

कानपुर। महाराजपुर थाने में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फुफुवार राज थोक गांव निवासी 45 वर्षीय महेश पुत्र सिपाही लाल ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद पूरे थाना परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, महेश पेट्रोल से भरी बोतल लेकर थाने के मुख्य द्वार पर पहुंचा। उसने पहले अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़का और फिर परिसर के भीतर प्रवेश करते ही खुद को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते वह आग की लपटों से घिर गया।

घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी और कंबल की मदद से आग बुझाई और महेश को बचाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।

SHO समेत तीन पुलिसकर्मी भी हुए घायल

युवक को बचाने के दौरान थाना प्रभारी जनार्दन सिंह, एसआई गौरव और सिपाही अरुण भी झुलस गए। थाना प्रभारी ने तत्काल सरकारी वाहन से महेश को उर्सला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान महेश लगातार "मुझे न्याय दिलाओ" कहता रहा। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता सिपाही लाल के चार बेटों में सबसे बड़ा है।

पत्नी ने एक दिन पहले दर्ज कराया था मुकदमा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महेश की पत्नी नीलम ने एक दिन पहले महाराजपुर थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित महेश का कहना है कि उसकी पत्नी का अफेयर उसके छोटे भाई रोहित से चल रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आत्मदाह के प्रयास के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः लखनऊ में BJP के पूर्व पार्षद पर कार्रवाई: पार्क से हटाया गया अवैध कब्जा, नगर निगम का बड़ा एक्शन

संबंधित समाचार