श्रावस्ती: भिनगा-सिरसिया मार्ग पर गिरा विशाल पेड़, 52 ग्राम पंचायतों की बिजली ठप; घंटों बाधित रहा आवागमन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

वन कार्यालय के पास हाईटेंशन लाइन और बिजली का पोल क्षतिग्रस्त, करीब चार लाख आबादी प्रभावित; दो घंटे बाद खुला मार्ग

श्रावस्ती, अमृत विचार: जिले में मंगलवार सुबह भिनगा-सिरसिया मुख्य मार्ग पर वन कार्यालय के निकट जंगल में एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर जाने से बड़ा व्यवधान उत्पन्न हो गया। पेड़ गिरने से जहां सड़क पर आवागमन पूरी तरह रुक गया, वहीं हाईटेंशन लाइन और बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होने से घोलिया विद्युत उपकेंद्र से होने वाली बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, सिरसिया विकास क्षेत्र के गांवों के साथ-साथ सिरसिया, तालबघौड़ा, गुलरा, बेचईपुरवा, गुलरा परसोहना, भरथा, रोशनगढ़ और नेपाल सीमा से सटे करीब 52 ग्राम पंचायतों को घोलिया विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति मिलती है। इसी मार्ग के किनारे से हाईटेंशन लाइन भी गुजरती है, जो पेड़ गिरने की वजह से क्षतिग्रस्त हो गई।

MUSKAN  (9)

यह मार्ग सिरसिया क्षेत्र, बलरामपुर जिले के तुलसीपुर और नेपाल सीमा से लगे गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। सुबह करीब 10 बजे पेड़ गिरने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

MUSKAN  (11)

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर सड़क पर आवागमन दोबारा शुरू कराया। हालांकि बिजली व्यवस्था बहाल होने में अभी समय लग सकता है। संबंधित अधिकारियों ने फिलहाल आपूर्ति बहाल होने का कोई निश्चित समय नहीं बताया है।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र की करीब चार लाख आबादी प्रभावित हुई है। विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त लाइन और पोल की मरम्मत में जुटा हुआ है।

यह भी पढ़ेंः सुलतानपुर हादसा: खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, परिजनों ने लगाया डायरेक्ट बिजली सप्लाई का आरोप

संबंधित समाचार