Bareilly News : डिप्टी सीएम ने लापरवाह अफसरों पर दिए कार्रवाई के संकेत
खनन से लेकर परिवहन तक की शिकायतों पर डीएम को जांच के निर्देश
कलक्ट्रेट में कानून-व्यवस्था, राजस्व और विकास योजनाओं की हुई समीक्षा, जिले के जनप्रतिनिधियों से मांगी खराब कार्यशैली वाले अधिकारियों की सूची
बरेली, अमृत विचार। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में कानून-व्यवस्था, राजस्व और विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सबसे पहले पुरानी बैठक में प्राप्त जनप्रतिनिधियों की शिकायतों की समीक्षा की। इसमें अवैध खनन से जुड़े मामले को लेकर खनन अधिकारी को चेतावनी दी। कैंट विधायक ने डीएल में वसूली का मामला उठाया तो एआरटीओ प्रशासन बैठक में ही खड़े होकर उलझ गए। इस पर डिप्टी सीएम नाराज हुए। उन्होंने डीएम को जांच कराककर कार्रवाई के निर्देश दिए। अन्य कई विभागों की समीक्षा के दौरान खराब प्रगति पर अफसरों पर नाराजगी जाहिर की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि कहा कि कुछ अधिकारी अभी भी अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं ला रहे हैं। पिछले बैठक में कहा गया था कि 2047 तक सरकार नहीं बदलेगी, वह इस बात भूल गए हैं। जनप्रतिनिधियों से ऐसे अधिकारियों की सूची देने को कहा गया। बरेली में एनएच पर निर्धारित मानकों से कम दूरी पर टोल प्लाजा बनाए जाने का मामला उठने पर कहा कि व्यवहारिक स्थिति को अभियंताओं के साथ देखा जाए। वस्तुस्थिति को पत्र के माध्यम से भेजें, जिससे शासन स्तर पर भी टोल का शिफ्ट कराने की दिशा में कार्य किया जा सके। आरईडी के एक्सईएन विनय कुमार से कहा कि त्वरित के जो कार्य चल रहे हैं, चुनाव से पूर्व इनका लोकार्पण हो जाए। चक मार्गों, गोचर भूमि, सरकारी भूमि आदि को लेकर कहा कि यदि कहीं कब्जा है तो उसे खाली कराया जाए। भाजपा कार्यकर्ताओं के चालान का मुद्दा उठने पर कहा कि कई बार कार्यकर्ता पार्टी कार्यक्रम या जरूरी काम से जाते समय रोक लिए जाते हैं। यदि हेलमेट भूलवश छूट गया हो तो उन्हें जनप्रतिनिधि से बात करने का अवसर दिए बिना चालान कर दिया जाता है। एसएसपी को इसमें सुधार कराने के निर्देश दिए।
धरातल पर दिखें जल जीवन- आयुष्मान के काम
डिप्टी सीएम ने कागजों पर ''''गांवों के संतृप्त'''' होने का खेल खेलने वाले अफसरों की क्लास लेते हुए कहा कि हर घर में नल से शुद्ध पानी दिखना चाहिए। निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्डधारियों से वसूली करने पर अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ किया कि लखनऊ अग्निकांड के नाम पर आम लोगों को परेशान न किया जाए, बल्कि सिर्फ मानकों का पालन कराएं। इसके अलावा, बेसिक शिक्षा विभाग को चेताया कि डीबीटी की राशि से बच्चों को ड्रेस मिले, न कि पैसों का बंदरबांट हो।
सीडीओ की सराहना, रोल मॉडल बनेगा बरेली
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सीडीओ देवयानी की ओर से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए किए गए प्रयासों की दिल खोलकर प्रशंसा की। बिथरी चैनपुर के ''''गुलाब स्वयं सहायता समूह'''' की महिलाओं द्वारा तैयार बेडशीट, पिलो कवर और ओटी यूनिफॉर्म को अस्पतालों तक पहुँचाने के लिए आईएमए और निजी अस्पतालों के साथ एमओयू साइन कराया गया है। डिप्टी सीएम ने इस पहल को बेहद सराहनीय बताते हुए निर्देश दिए कि इसकी पीपीटी बनाकर शासन को भेजी जाए, ताकि बरेली के इस सफल मॉडल को पूरे प्रदेश के अन्य जनपदों में लागू किया जा सके।
नाथनगरी की सुंदरता में न हो लापरवाही
श्रावण मास में नाथनगरी के सभी द्वारों की भव्य सजावट न होने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी गई। डिप्टी सीएम ने कहा कि जो सबसे बेहतर सजावट करेगा उसे पुरस्कृत किया जाएगा, लेकिन लापरवाही बरतने वालों को बख्शा भी नहीं जाएगा। बीएसए को निर्देश दिया कि स्कूली यूनिफॉर्म का काम स्वयं सहायता समूह की दीदियों को सौंपें ताकि उन्हें रोजगार मिले। वहीं, ग्राम चौपालों में बिना जनप्रतिनिधियों को सूचना दिए खानापूरी करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फर्जी पत्रकारों की सूची बनाकर दर्ज कराएं मुकदमा
केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को फर्जी पत्रकारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फर्जी माइक, आईडी और मीडिया का सहारा लेकर सरकार व अधिकारियों की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार कराई जाए। डीएम और एसएसपी को निर्देश दिए जांच के बाद फर्जी चैनल संचालकों और मीडिया कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराया जाए।
यह जनप्रतिनिधि और अफसर रहे मौजूद
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, महानगर अधीर सक्सेना, मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय, डीएफओ दीक्षा भण्डारी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त/राजस्व संतोष बहादुर सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, डीडीओ दिनेश यादव, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीपीआरओ कमल किशोर, डीआईओएस. डा. अजीत कुमार, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी, एआर कोआपरेटिव ब्रजेश परिहार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
