Amethi News: सपा के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता हाउस अरेस्ट
अमेठी में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, प्रमुख सपा नेताओं की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
अमेठी, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन से पहले अमेठी पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सपा महिला जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह सहित कई पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके आवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और प्रमुख सपा नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
हाउस अरेस्ट के बाद सपा जिलाध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद सपा महिला जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में 152 बार पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाली सरकार के शासनकाल में छात्राओं के साथ दिल्ली में हुई बर्बर घटना ने सरकार की संवेदनहीनता को उजागर किया है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी
गुंजन सिंह ने कहा कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।उन्होंने कहा कि युवाओं, छात्रों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अमेठी में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
