Kya Bolti Public : चुनावी मैदान नहीं, जनता के बीच कॉकरोच जनता पार्टी करेगी नया जनसंवाद

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सितंबर से शुरू होगा ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान

क्या बोलती पब्लिक’ से जनता का मूड जानेगी कॉकरोच जनता पार्टी, संस्थापक अभिजीत दिपके ने सितंबर से ‘क्या बोलती पब्लिक’ जनसंपर्क अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन देशभर में जाकर लोगों की समस्याएं और राय सुनेगा।

छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सितंबर से देशव्यापी जनसंपर्क अभियान ‘क्या बोलती पब्लिक’ शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए संगठन देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर लोगों से संवाद करेगा और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेगा। छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिपके ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनता की राय जानना और उनके मुद्दों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि संगठन चुनावी राजनीति में उतरने के बजाय एक राजनीतिक दबाव समूह के रूप में काम करता रहेगा।

संविधान और सामाजिक न्याय को बताया आधार

सीजेपी की विचारधारा को लेकर अभिजीत दिपके ने कहा कि उनका संगठन भारतीय संविधान, डॉ. भीमराव आंबेडकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय के लिए काम करेगा। उन्होंने दोहराया कि सीजेपी का उद्देश्य राजनीतिक दल बनाना नहीं है, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना और व्यवस्था में जवाबदेही की मांग करना है।

लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही पर उठाए सवाल

दिपके ने लोकतांत्रिक संस्थाओं में घटते जनविश्वास पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जवाबदेही की कमी के कारण लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।

चुनाव आयोग और मीडिया से की अपील

सीजेपी संस्थापक ने चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने, न्यायपालिका में आम लोगों से जुड़े मामलों की जल्द सुनवाई सुनिश्चित करने और मीडिया से जनता की आवाज को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए संस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।

ये भी पढ़े : 
‘क्रीमी लेयर’ में लागू नहीं हो सकता SC/ST आरक्षण, सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार ने रखा पक्ष

संबंधित समाचार