Gonda News : गोंडा में 150 से ज्यादा गैरमान्यता प्राप्त स्कूलों पर गिरेगी गाज, 24 मदरसे भी रडार पर; खंड शिक्षा अधिकारियों की लापरवाही आई सामने, बीएसए ने जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
On

गोंडा के खोंडारे में बिना मान्यता संचालित स्कूल में छात्राओं से कथित अश्लील डांस कराने का मामला सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने जिलेभर में अभियान तेज कर दिया है। जांच में 150 से अधिक बिना मान्यता वाले स्कूल और 24 मदरसे सामने आए हैं। बीएसए ने 16 ब्लॉकों में रोज जांच और कार्रवाई के निर्देश देते हुए संबंधित बीईओ की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी है।

गोंडा, अमृत विचार: खोंडारे क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे स्कूल में छात्राओं को बुर्का पहनाकर अश्लील डांस कराने का मामला सुर्खियों में आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की नींद टूटी है। स्कूलों की जांच के नाम पर तैनात विभागीय फौज की नाक के नीचे बिना मान्यता के स्कूल संचालित होते रहे और जिम्मेदार सोते रहे। अब जांच में पता चला है कि पूरे जिले में 150 से अधिक स्कूल व 24 मदरसे बिना मान्यता के चल रहे हैं। 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश के बावजूद करीब एक महीने बाद भी इन संस्थानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। इस पर मंगलवार को बीएसए अमित कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी 16 विकासखंडों में तत्काल अभियान चलाकर बिना मान्यता संचालित स्कूलों और मदरसों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जुलाई माह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों और मदरसों को चिह्नित करने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार सुबह 11 बजे बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की।

बैठक में उन्होंने कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की और देरी पर नाराजगी जताई। बीएसए ने निर्देश दिया कि सभी 16 विकासखंडों में प्रतिदिन अभियान चलाकर बिना मान्यता संचालित स्कूलों और मदरसों की जांच की जाए। जांच के बाद प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। 

बिना मान्यता के मिला स्कूल तो बीईओ जिम्मेदार

बीएसए ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मौके पर जाकर संस्थानों की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि उनके क्षेत्र में उच्च अधिकारी की जांच के दौरान कोई बिना मान्यता वाला विद्यालय संचालित पाया गया तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इससे शिक्षा विभाग के अधिकारियों में भी जिम्मेदारी तय होने का संदेश दिया गया है।

दोबारा स्कूल खुला तो दर्ज होगा मुकदमा

बीएसए ने कहा कि जिन विद्यालयों के पास मान्यता नहीं है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कार्रवाई के बाद यदि कोई संचालक दोबारा बिना मान्यता के विद्यालय संचालित करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। विभाग की ओर से ऐसे संस्थानों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई है।

बिना मान्यता संचालित मदरसों पर भी नजर

अभियान में बिना मान्यता संचालित मदरसों को भी शामिल किया गया है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे मदरसों को भी चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी संस्था को निर्धारित मानकों और आवश्यक मान्यता के बिना बच्चों को शिक्षित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिले में किसी भी हालत में बिना मान्यता के विद्यालयों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारियों को रोजाना जांच और कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। अगर किसी ब्लाक में बिना मान्यता के स्कूल संचालित मिला तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जायेगी... अमित कुमार सिंह, बीएसए- गोंडा।

संबंधित समाचार