बरेली: नए वर्ष में महाविद्यालयों में कुछ दिन ही हो सकेगी पढ़ाई
अमृत विचार, बरेली। कोरोना की वजह से बीते वर्ष में महाविद्यालयों में पढ़ाई न के बराबर ही हो सकी। नये वर्ष का आगाज हो चुका है लेकिन इस वर्ष भी कम दिन ही पढ़ाई होने की संभावना है। सर्दियों की छुट्टी खत्म होने के कुछ दिनों बाद ही लेफ्ट आउट (छूटी हुई) प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। …
अमृत विचार, बरेली। कोरोना की वजह से बीते वर्ष में महाविद्यालयों में पढ़ाई न के बराबर ही हो सकी। नये वर्ष का आगाज हो चुका है लेकिन इस वर्ष भी कम दिन ही पढ़ाई होने की संभावना है। सर्दियों की छुट्टी खत्म होने के कुछ दिनों बाद ही लेफ्ट आउट (छूटी हुई) प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। उसके कुछ दिनों बाद ही इंप्रूवमेंट व स्पेशल (सुधार व विशेष) परीक्षाओं का भी आयोजन होगा।
इसी दौरान शैक्षिक सत्र 2020-21 की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी शुरू होंगी और फिर मुख्य परीक्षाओं का शेड्यूल जारी हो जाएगा। ऐसे में इस सत्र के पाठ्यक्रम को पूरा कराना शिक्षकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा। ऐसे में छात्रों के पास ऑनलाइन पढ़ाई के अलावा कोई विकल्प नहीं है। यही वजह है कि छात्रों को ई-लाइब्रेरी जैसे डिजिटल प्लेटफार्म से जुड़कर पढ़ाई करने के लिए कहा जा रहा है।
कोरोना की वजह से विश्वविद्यालय व महाविद्यालय कई महीनों तक बंद रहे थे। विश्वविद्यालय व महाविद्यालय खुले लेकिन पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। शासन के निर्देशों के तहत 23 दिसंबर के बाद से कक्षाएं संचालित होनी शुरू हुईं लेकिन इसके तहत भी रोटेशन में कक्षाएं शुरू हुईं। सही से पढ़ाई दिसंबर माह से शुरू हो सकी लेकिन इस दौरान भी छुट्टियां रहीं और लेफ्ट आउट परीक्षा, एलएलबी परीक्षाओं का भी आयोजन किया गया। इसकी वजह से पूरी तरह से कक्षाएं संचालित नहीं हो सकी।
29 दिसंबर 2020 से 2 जनवरी 2021 तक सर्दियों की छुट्टी घोषित हुईं। 3 जनवरी 2021 को रविवार है। इसके बाद 4 जनवरी से विश्वविद्यालय व महाविद्यालय खुलेंगे और कक्षाएं संचालित होंगी। विश्वविद्यालय ने छूटी हुई प्रयोगात्मक परीक्षा के आवेदन की प्रक्रिया की अंतिम तिथि 7 जनवरी रखी है।
इसके बाद किसी दिन परीक्षा का शेड्यूल जारी होगा। विश्वविद्यालय ने सुधार परीक्षा का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया है। सुधार परीक्षा 19 जनवरी से शुरू होगी और 23 जनवरी को समाप्त होगी। संभावना है कि इसके तुरंत बाद से मुख्य परीक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का भी शेड्यूल जारी हो जाएगा। परीक्षा के दौरान कक्षाएं संचालित होना मुश्किल है।
