बरेली: औद्योगिक प्लेटफार्म से 2021 में पांच हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी
अमृत विचार, बरेली। वर्ष 2021 में जो औद्योगिक प्लेटफार्म तैयार हो रहा है। उसमें छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां लगेंगी। खाद्य से जुड़ी इकाइयां ज्यादा लगेंगी। इसका लाभ विभिन्न क्षेत्रों में दक्षता हासिल करने वाले युवाओं को ही मिलेगा। इसके साथ लाकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फैक्ट्रियां छोड़कर घर लौटे प्रवासी मजदूरों को भी मिलेगा। माना जा …
अमृत विचार, बरेली। वर्ष 2021 में जो औद्योगिक प्लेटफार्म तैयार हो रहा है। उसमें छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां लगेंगी। खाद्य से जुड़ी इकाइयां ज्यादा लगेंगी। इसका लाभ विभिन्न क्षेत्रों में दक्षता हासिल करने वाले युवाओं को ही मिलेगा। इसके साथ लाकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फैक्ट्रियां छोड़कर घर लौटे प्रवासी मजदूरों को भी मिलेगा।
माना जा रहा है कि प्रोडक्शन, मार्केटिंग, पैकिंग क्षेत्रों में प्रत्यक्ष रूप से पांच हजार लोगों को नौकरी मिलेगी। वहीं अप्रत्यक्ष रूप से पांच हजार से अधिक लोग रोजगार से जुड़ेंगे। इस वर्ष 31 मार्च तक जिलाधिकारी नितीश कुमार ने सौ उद्योग स्थापित कराने का लक्ष्य रखा है। अभियान में जिला प्रशासन की ओर से औद्योगिक इकाई लगाने की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर दी जाएंगी।
इसके बाद औद्योगिक इकाइयों का कंस्ट्रक्शन शुरू हो जाएगा। कंस्ट्रक्शन शुरू होते हुए हजारों मजदूरों को काम मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि हम उद्योग लगाने के लिए युवाओं को प्लेटफार्म दे रहे हैं। 90 दिन में उद्योगों की प्रक्रियाएं पूरी करनी हैं। कई बार देखा गया है कि एनओसी, लैंडयूज समेत अन्य प्रक्रियाएं पूरी कराने में ज्यादा समय खर्च होने की वजह से कुछ लोग उद्योग नहीं लगा पाते हैं।
ऐसे लोगों को श्रम, उद्योग, प्रदूषण नियंत्रण, अग्निशमन विभाग, वन विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग की एनओसी, लैंडयूज बदलवाने की सुविधा देने के लिए इस अभियान को शुरू किया गया है। डीएम ने बताया कि लाकडाउन में विभिन्न राज्यों से लौटे प्रवासियों की स्किल मैपिंग पहले ही कराई जा चुकी है।
फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन व मार्केटिंग विभागों में सेवा देने वाले प्रवासियों की सूची अलग से तैयार की गई थी। उस सूची को जिला उद्योग केंद्र और श्रम विभाग को भिजवा दिया गया है। औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने के बाद जरूरत के हिसाब से युवाओं को नौकरी पर रखा जाएगा। वहीं, सौ उद्योगों में 40 लोगों के उद्योग लगाने के प्रस्तावों के कागजात पूरे कराए जा रहे हैं। ये फैक्ट्रियां जल्द तैयार हो जाएंगी।
इन पदों पर निकलेंगी भर्तियां
प्रबंधक, टेक्नीशियन, रिकार्ड कीपर, तकनीकी सलाहकार, प्रिंटिंग मैनेजर, सुपर विजन, एचआर, एकाउंटेंट, इंजीनियर, सफाई कर्मचारी, लैब सहायक, विपणन अधिकारी, फील्ड सहायक, हेल्थ एंड सेफ्टी ऑफिसर, इलेक्ट्रीशियन, हाउस कीपर, प्लंबर, इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस, ड्राइवर, कंप्यूटर मेंटेनेंस आदि पदों पर युवाओं को नौकरी मिलेंगी।
2022 में मेगा फूड पार्क भी देगा नौकरियां
बहेड़ी में मेगा फूड पार्क भी तैयार हो गया है। फरवरी से यहां प्लॉट की बुकिंग शुरू हो जाएगी। इसमें सिर्फ फूड की इकाइयां लगेंगी। यहां वर्ष 2022 में हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस साल मेगा फूड पार्क विकसित हो जाएगा। 600 वर्ग मीटर से लेकर 30 हजार वर्ग मीटर तक के प्लॉट पार्क में उपलब्ध हैं। राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीसीडा) ने 2450 रुपये प्रति वर्ग मीटर भूमि का रेट निर्धारित किया है।
