मुरादाबाद: टीबी रोगियों की पहचान कर प्रतिदिन भेजेंगे शासन को रिपोर्ट, 12 जनवरी तक चलेगा अभियान
मुरादाबाद, अमृत विचार। मिशन वर्ष 2025 टीबी हारेगा, भारत जीतेगा का आगाज शनिवार को हो गया। लखनऊ से राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से आनलाइन लांचिंग करते हुए इस टीबी रोगी खोज अभियान को हरीझंडी दिखाई। जिले में भी टीमों ने घर-घर दस्तक देनी शुरू कर दी है। यह अभियान 12 जनवरी तक जारी रहेगा। इन …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मिशन वर्ष 2025 टीबी हारेगा, भारत जीतेगा का आगाज शनिवार को हो गया। लखनऊ से राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से आनलाइन लांचिंग करते हुए इस टीबी रोगी खोज अभियान को हरीझंडी दिखाई। जिले में भी टीमों ने घर-घर दस्तक देनी शुरू कर दी है। यह अभियान 12 जनवरी तक जारी रहेगा।
इन दस दिनों में क्षयरोगियों को खोजने के लिए 250 आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री को शामिल किया गया है। इस कार्य की निगरानी के लिए 50 सुपरवाइजर भी बनाये गए हैं। प्रतिदिन शाम को समीक्षा होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।
कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में इस कार्यक्रम पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री ने पांच साल में देश से टीबी उन्मूलन का लक्ष्य रखा है। इसी के तहत स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि प्रतिदिन समीक्षा होगी।
एसीएमओ, चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्साधिकारी इस अभियान पर निगरानी रखेंगे। हर घर में टीमें जाएंगी। जिला क्षयरोग अधिकारी डा. डीके प्रेमी ने बताया कि जिनमें टीबी रोग के लक्षण होंगे, उनका फौरन इलाज शुरू कर दिया जाएगा। शुरू में टीबी रोगियों के परिवार व उनके आसपास के लोगों में यह लक्षण जांचे जाएंगे। इस दौरान डिप्टी डीटीओ डा. दुर्गेश्वर प्रसाद, जिला कार्यक्रम समन्वयक डा. मोहम्मद जावेद, जिला समन्वयक मनोज कुमार मौजूद रहे।
ये हैं टीबी के लक्षण
-दो हफ्ते से अधिक की खांसी
– खांसी में बलगम का आना
– भूख कम लगना
– वजन घटना
– बलगम में खून आना
-सोते समय पसीना आना
पौष्टिक आहार के लिए मिलेंगे 500 रुपये
टीबी रोगी को पौस्टिक आहार के लिए 500 रुपये प्रति महीने दिए जाएंगे। इससे रोगी चिकित्सक की सलाह के अनुसार पौष्टिक आहार को प्राप्त कर सकेगा। उसे बताया जाएगा, कब कब क्या खाना है। स्वस्थ आहार होगा तभी व्यक्ति सेहतमंद होगा।
