मुरादाबाद: टीकाकरण के दिन पहचान पत्र लेकर आएंगे लाभार्थी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना टीकाकरण के दिन जिन लोगों को टीके लगेंगे, उन्हें शिविर में पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा। स्वास्थ्य विभाग के पास लाभार्थियों की सूची पहले से होगी। पहचान पत्र से लाभार्थी के नाम का मिलान किया जाएगा। उसके बाद सब कुछ ठीक पाया जाएगा, तब उसे टीकाकरण में शामिल किया जाएगा। पहले चरण …

मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना टीकाकरण के दिन जिन लोगों को टीके लगेंगे, उन्हें शिविर में पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा। स्वास्थ्य विभाग के पास लाभार्थियों की सूची पहले से होगी। पहचान पत्र से लाभार्थी के नाम का मिलान किया जाएगा। उसके बाद सब कुछ ठीक पाया जाएगा, तब उसे टीकाकरण में शामिल किया जाएगा। पहले चरण में 18621 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीके लगाए जाएंगे। ये कर्मचारी पांच सौ निजी व सरकारी अस्पतालों के होंगे। प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण को शिविर लगाए जाएंगे।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि टीकाकरण के लाभार्थी (प्रत्येक कर्मचारी) का केंद्र पर पहुंचने के बाद सत्यापन होगा। निर्धारित केंद्र पर टीकाकरण के लाभार्थी कर्मचारियों की सूची को देखकर प्रत्येक कर्मचारी के नाम का मिलान किया जाएगा। कर्मचारी के पास मौजूद पहचान पत्र देखा जाएगा। सत्यापन होते ही उसके मोबाइल फोन पर मैसेज पहुंचेगा।

यह सत्यापन रूम नंबर एक में होगा। कक्ष संख्या दो में सपोर्टर टीम मौजूद होगी। कर्मचारी के मन में वैक्सीन लगाने से जुड़ी शंका को दूर करेगी और उसका हौसला बढ़ाएगी। कक्ष संख्या तीन टीकाकरण कक्ष होगा। वैक्सीनेशन टीम मौजूद होगी। यह टीम कर्मचारी को वैक्सीन लगाएगी। उसके बाद उसे प्रतीक्षा कक्ष में आधे घंटे तक आराम करने को कहा जाएगा। चौथे चरण में वेटिंग रूम में यदि किसी कर्मचारी को तकलीफ होती है तो चिकित्सा सुविधा दी जाएगी।

वैक्सीन आने की तिथि आज हो सकती है तय
मुरादाबाद। कोरोना वैक्सीन का इंतजार अब जल्द ही खत्म हो सकता है। जिला स्वास्थ्य को वैक्सीन आने की तिथि का शासनादेश मंगलवार को प्राप्त हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग में इस बात पर पूरे दिन अधिकारियों के बीच चर्चा तेज रही। टीकाकरण से पहले तैयारी पूरी करने के लिए सीएमओ ने अधीनस्थों के साथ एक बैठक की। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.दीपक वर्मा ने बताया कि अभी तक कोई तारीख निश्चित नहीं की गई है। उम्मीद है कि मंगलवार को यह जानकारी शासन की ओर से जारी की जा सकती है। टीकाकरण की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।

पूर्वाभ्यास आज, तैयारी पूरी
कोरोना टीकाकरण का ड्राई रन मंगलवार को होगा। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि छह अस्पतालों में कोरोना की वैक्सीन लगाने के पूर्वाभ्यास के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डेढ़ सौ स्वास्थ्य कर्मियों का कोरोना टीकाकरण (रिहर्सल) होगा। टीकाकरण टीमें निर्धारित केंद्र पर सुबह साढ़े नौ बजे तक पहुंच जाएंगी। केंद्रों पर पांच टीमें इस कार्य को पूरा कराएंगी।  एनएचएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक रघुवीर सिंह ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर 25 स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण का मॉक ड्रिल होगा। कोरोना टीकाकरण के लिए पांच कक्ष बनाए गए हैं। प्रत्येक कक्ष में एक-एक टीम रहेगी। प्रतिरक्षित होने वाले कर्मियों के नाम ऑनलाइन दर्ज किए जांएगे। स्वास्थ्य विभाग ने 63 वैक्सीनेशन टीमों के साथ पूरा माइक्रो प्लान साझा किया है।

संबंधित समाचार