खुलासा: बहन पर अश्लील टिप्पणी करने पर ले ली युवक जान
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना पुलिस ने एलएलबी के छात्र की हत्या के रहस्य का आखिरकार पटाक्षेप कर ही दिया। दोस्त की बहन पर अश्लील टिप्पणी करने से खफा युवक ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में दूसरे युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट होने के बाद वह आश्वस्त हो गया था कि …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना पुलिस ने एलएलबी के छात्र की हत्या के रहस्य का आखिरकार पटाक्षेप कर ही दिया। दोस्त की बहन पर अश्लील टिप्पणी करने से खफा युवक ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में दूसरे युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट होने के बाद वह आश्वस्त हो गया था कि वह पुलिस की पकड़ से बच जाएगा।
हालांकि मौका-वारदात पर पूछताछ व सीसीटीवी चेक करने के बाद वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
हत्या की वारदात 22 दिसंबर की रात कटघर थाना क्षेत्र में सूरजनगर पीतलबस्ती में हुई थी। यहां पर रहने वाले विजय यादव का छोटा भाई रवि यादव एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। पढ़ाई करने के साथ ही वह कचहरी में एक अधिवक्ता के पास बैठकर कानून की बारीकियां भी सीख रहा था।
घटना की रात करीब नौ बजे वह दूध लेने की बात कहकर घर से निकला था। घर से कुछ दूरी पर रवि की सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायर की आवाज सुनकर मोहल्ले वाले और परिजन भी आ गए। इस मामले में रवि के परिजनों ने मोहल्ले में रहने वाले राकी यादव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। परिजनों का कहना था कि रवि और राकी शराब पीने के आदी थे, शराब पीने के दौरान उनमे झगड़ा हो गया था तो राकी ने हत्या करने की धमकी दी थी।
जांच में तीसरा दोस्त भी पकड़ में आया
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस नामजद आरोपी की तलाश में जुट गई। पूछताछ के साथ ही पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए तो जांच की सुई राकी की बजाए तीसरे आरोपी की ओर घूम गई। मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रवि की हत्या के आरोप में भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निवाड़ निवासी मनीश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
कई बार रवि कर चुका था अश्लील टिप्पणी
पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मनीष मौजूदा समय में कटघर थाना क्षेत्र में सूरजपुर नई बस्ती में रह रहा था। उसकी रवि से दोस्ती थी, जिस कारण दोनों का घर आना-जाना था। बकौल एसपी सिटी इस दौरान रवि उसकी बहन पर गलत नजर रखने लगा। जबकि रवि पहले से शादी-शुदा था और अपनी पत्नी को किन्हीं कारणों से छोड़ दिया था। कई बार शराब के नशे में उसने मनीष की बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इतना ही नहीं मोहल्ले वालों से भी कहा कि वह मनीष की बहन से शादी करेगा। बकौल एसपी सिटी, बेईज्जती होने पर कई बार उसने रवि को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जिस कारण मनीष उससे रंजिश रखने लगा। उनके अनुसार घटना वाली रात रवि जब दूध लेने जा रहा था तो रास्ते में मनीष मिल गया, रवि ने फिर टिप्पणी की तो वह तिलमिला उठा। वापस आते समय रवि किसी से बात करने लगा। उसके जाने के बाद मौका लगने पर गोली मारकर रवि को मौत के घाट उतार दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा रामगंगा नदी के पास से बरामद कर लिया है।
लाकडाउन में नौकरी छूटी तो रहने लगा घर पर
खुलासा करते हुए एसपी सिटी ने बताया कि मनीष ने पालीटेक्निक की है। कोर्स पूरा करने के बाद वह नोयडा में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने लगा। काफी समय तक वह नौकरी करता रहा लेकिन मार्च में लाकडाउन लग गया। जिस कारण नौकरी छूट गई तो वह घर पर आकर रहने लगा।
नशेड़ी से दो सौ रुपए में खरीदा था तमंचा
रवि की हत्या की योजना बना चुके मनीष ने तमंचा खरीदने की जुगाड़ लगाई। कई लोगों से संपर्क करने के बाद वह एक नशेड़ी से टकराया। बाद में उसी नशेड़ी से उसने दो सौ रुपए में तमंचा खरीदा। पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन ही वह तमंचा खरीदकर लाया था। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
