बरेली: वैक्सीन पहुंचने पर तत्परता से कराया वैक्सीनेशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,बरेली। जिले में मंगलवार को कोरोना वैक्सीन के वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया। रोहिलखंड मेडिकल कालेज व अस्पताल, खुशलोक अस्पताल और भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास हुआ। सभी जगह वैक्सीन को लेकर की गई मॉक ड्रिल पूरी तरह सफल रही। चिकित्सकों और पैरामैडिकल स्टाफ ने तत्परता के साथ वैक्सीनेशन के कार्य को …

अमृत विचार,बरेली। जिले में मंगलवार को कोरोना वैक्सीन के वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया। रोहिलखंड मेडिकल कालेज व अस्पताल, खुशलोक अस्पताल और भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास हुआ। सभी जगह वैक्सीन को लेकर की गई मॉक ड्रिल पूरी तरह सफल रही। चिकित्सकों और पैरामैडिकल स्टाफ ने तत्परता के साथ वैक्सीनेशन के कार्य को पूरा कर दिखाया।
रोहिलखंड मेडिकल कालेज व अस्पताल में मंगलवार की सुबह 10 बजे जैसे ही कोरोना वैक्सीन पहुंची वैसे ही वहां पहले से मुस्तैद चिकित्सक व पैरामैडिकल स्टाफ हरकत में आया।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे दिन वैक्सीनेशन की मॉक ड्रिल चली, इस दौरान दो सेशन में 25-25 लोगों को दो ग्रुप में बांटकर वैक्सीनेशन लगाए जाने का पूर्वाभ्यास हुआ। इस दौरान कालेज के प्राचार्य डा. चंद्रमोहन व अस्पताल के सीएमएस डा. भूषण ने व्यवस्थाओं को खुद परखा। मेडिकल कालेज की वैक्सीनेशन नोडल अफसर मेधावी अग्रवाल और जिला नोडल अधिकारी स्वेदश कुमारी, डा. सौरभ आदि लोग मौजूद रहे।

खुशलोक हॉस्पिटल में सफल रहा पूर्वाभ्यास
स्टेडियम रोड स्थित खुशलोक हॉस्पिटल में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास हुआ। इसमें दो टीमों के द्वारा 25-25 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण करने का मॉक ड्रिल किया गया। दोनों टीमों को तीन-तीन कमरों का आवंटन किया गया था। पहला कमरा वेटिंग रूम का था, जिसमें लाभार्थियों को गेट से एंट्री के बाद बिठाया गया। इसके बाद उनके रजिस्ट्रेशन का वैरिफिकेशन हुआ, फिर लाभार्थी को टीकाकरण कक्ष में भेजा गया। वहां पर टीकाकरण हुआ।

इसके बाद लाभार्थी को टीकाकरण के बाद ऑब्जर्वेशन रूम में बैठाया गया ऑब्जर्वेशन रूम में 30 मिनट बैठने के बाद ही लाभार्थी घर या कार्यस्थल पर जा सकता है। इस दौरान 2 टीमों द्वारा 50 लाभार्थियों का टीकाकरण प्रस्तावित था, जिसमें से 47 लोगों का टीकाकरण हुआ। तीन लोग निजी कारणों से नहीं आ पाए। इस मौके पर अपर नगर मजिस्ट्रेट अरुण मणि त्रिपाठी, एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम, नोडल अधिकारी के रूप में डॉ. रविश अग्रवाल, अस्पताल के डायरेक्टर डा. विनोद पागरानी, डा. एमएल मौर्या, डा. ललित पागरानी, डा. संजय पागरानी आदि मौजूद रहे।

वैक्सीनेशन से पहले परखीं तैयारियां
भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस मेडिकल कालेज में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान वैक्सीनेशन की पूरी तैयारियां परखीं गईं। एसडीएम सदर विशु राजा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। माक ड्रिल के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसआरएमएस में कार्यरत 50 स्वास्थ्य कर्मियों की लिस्ट भेजी गई, जिसे 25-25 लोगों की दो यूनिट में बांटकर माक ड्रिल के दौरान तैयारियों और अन्य जरूरतों को परखा गया। पूर्वाभ्यास मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. आरपी सिंह और कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के डा.अभिनव के निर्देशन में किया गया।

सीएमओ बोले-फाइनल परीक्षा के लिए जिला तैयार
कोविड वैक्सीनेशन के पूर्वाभ्यास में निरीक्षण के दौरान पहुंचे सीएमओ डा. गर्ग ने बताया कि सभी छह केन्द्रों पर वैक्सीनेशन के पूर्वाभ्यास के दौरान निरीक्षण किया गया, जिसमें छोटी-छोटी कमियों को सुधारने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि जिस व्यक्ति का वैक्सीनेशन हुआ है उसे लिटाएं नहीं, बैठाएं। वैक्सीनेशन के तुरंत बाद कूड़ा निस्तारण के निर्देश दिए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीन आने के बाद 55 सेंटर पर वैक्सीनेशन किया जाएगा। जिसमें पहले चरण में लगभग 28,000 सरकारी एवं निजी हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी।

यह वैक्सीन तीन दिनों में लगाकर प्रथम चरण का कार्य पूर्ण किया जायेगा। पहले सोमवार फिर शुक्रवार और फिर सोमवार को लगाई जाएगी। द्वितीय फेज में नगर निगम, पुलिस अन्य फोर्स और प्रशासनिक अधिकारियों को वैक्सीनेट किया जाएगा। वहीं तीसरे चरण में 50 साल के ऊपर के बुजुर्ग और डायबिटीज, हाइपरटेंशन जैसी बीमारी से ग्रसित लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।

संबंधित समाचार