US Live: अमेरिकी संसद परिसर में ट्रंप समर्थकों का बवाल, 4 की मौत, वाशिंगटन में 15 दिन की इमरजेंसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन। अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुनाव हारने के बाद भी पद छोड़ नहीं पा रहे हैं। उनके कार्यकाल के अंतिम दिनों में अमेरिका में एक बार गंभीर हिंसा हुई है। वाशिंगटन स्थित कैपिटल हिल में डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने जबरदस्त हंगामा किया है। हजारों की संख्या में ट्रंप समर्थक हथियारों के साथ कैपिटल हिल …

वाशिंगटन। अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुनाव हारने के बाद भी पद छोड़ नहीं पा रहे हैं। उनके कार्यकाल के अंतिम दिनों में अमेरिका में एक बार गंभीर हिंसा हुई है। वाशिंगटन स्थित कैपिटल हिल में डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने जबरदस्त हंगामा किया है। हजारों की संख्या में ट्रंप समर्थक हथियारों के साथ कैपिटल हिल में घुस गए, यहां तोड़फोड़ की, सीनेटरों को बाहर किया और इस पर कब्जा कर लिया। लंबे संघर्ष के बाद सुरक्षाबलों ने इन्हें बाहर निकाला और कैपिटल हिल्स को सुरक्षित किया। संसद परिसर में किए गए बवाल में अबतक चार लोगों की मौत हो गई और अब तक हिंसा मामले में 52 लोग गिरफ्तार हुए है। हिंसा को देखते हुए वाशिंगटन डीसी में 15 दिन के लिए कर्फ्यू लगाया गया है।

ये भी पढ़े: अमेरिका हिंसा: व्हाइट-हाउस के दो शीर्ष अधिकारियों ने दिया इस्तीफा, कहा-मिस्टर ट्रंप के साथ काम करना..
ये भी पढ़े: भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने की US कैपिटल हिंसा की निंदा, कहा-‘तुरंत ट्रंप को हटाया जाये’

सही तरीके से होगा सत्ता का हस्तांतरण: ट्रंप
अमेरिका में गुरुवार को हुई हिंसा के बाद डोनाल्ड ट्रंप हर किसी के निशाने पर हैं। इस बीच उन्होंने अब बयान दिया है कि 20 जनवरी को सही तरीके से अमेरिका में सत्ता का हस्तांतरण किया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि वो चुनावी नतीजों का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन इसके बावजूद सत्ता को जो बाइडेन को सही तरीके से सौंपेंगे। बता दें कि गुरुवार को ही अमेरिकी कांग्रेस ने राष्ट्रपति पद पर जो बाइडेन के नाम की मुहर लगा दी है।

अमेरिका हिंसा को लेकर प्रियंका का ट्वीट
अमेरिका में हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट किया। प्रियंका ने इस हिंसा की निंदा की है, उन्होंने कहा कि आज दुनिया इसको देख रही है, अमेरिका में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन शांति से होना चाहिए।

प्रदर्शन में दिखा भारत का झंडा
अमेरिका में बीते दिन हुई हिंसा को लेकर बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने भी ट्वीट किया है। वरुण ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए कहा कि प्रदर्शन में भारत का झंडा क्या कर रहा है? हम ऐसी लड़ाई का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख और यूएनजीए के अध्यक्ष समेत विश्व नेताओं ने वाशिंगटन हिंसा पर चिंता व्यक्त की
संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व ने वाशिंगटन डीसी यूएस कैपिटल बिल्डिंग में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों द्वारा की गई हिंसा पर चिंता व्यक्त की है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, ” महासचिव वाशिंगटन डीसी के यूएस कैपिटल में हुई घटनाओं से दुखी हैं।” संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा, ” ऐसी स्थिति में, यह महत्वपूर्ण है कि राजनीतिक नेता अपने समर्थकों को हिंसा से दूर रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया और कानून के शासन में विश्वास करने के लिए राजी करें।” संयुक्त राष्ट्र महासभा के 75वें सत्र के अध्यक्ष वोल्कन बोजकिर ने भी ट्वीट किया, ”वाशिंगटन डीसी के कैपिटल में आज जो हुआ, उससे काफी दुखी और चिंतित हूं। अमेरिका विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्रों में से एक है। मेरा मानना है कि इस कठिन समय में हमारे मेजबान देश में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के लिए शांति और सम्मान प्रबल होगा।”

अमेरिका के डिप्टी एनएसए ने व्हाइट हाउस से दिया इस्तीफा
अमेरिकी संसद में हंगामे के बाद अब डिप्टी एनएसए ने व्हाइट हाउस से इस्तीफा दे दिया है। डिप्टी एनएसए के इस्तीफे देने का अंदाजा पहले ही लगाया जा रहा था।

अब तक 52 लोग को गिरफ्तार
अमेरिकी पुलिस ने बताया, यूएस कैपिटल में हिंसा के बाद 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि ट्रंप समर्थकों ने वाशिंगटन डीसी में यूएस कैपिटल पर कब्जा कर लिया था। एक महिला को अमेरिकी कैपिटल पुलिस ने गोली मार दी थी क्योंकि भीड़ ने एक बैरिकेड के दरवाजे को तोड़ने की कोशिश की थी। इसके अलावा तीन और लोगों की मौत हुई है।

अमेरिकी सांसदों ने कैपिटोल परिसर में प्रदर्शनकारियों के हंगामे की निंदा की
अमेरिका में चार भारतीय-अमेरिकी सांसदों डॉ. एमी बेरा, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना और राजा कृष्णमूर्ति ने कैपिटल परिसर में निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के हंगामे पर नाराजगी जतायी है। हजारों ट्रंप समर्थकों के कैपिटल परिसर में घुसने के कारण सांसदों को सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी पड़ी थी।

मेलानिया ट्रंप की चीफ ऑफ स्टाफ ने दिया इस्तीफा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों द्वारा कैपिटोल परिसर में हिंसा के बाद अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की चीफ ऑफ स्टाफ स्टेफनी ग्रीष्म, व्हाइट हाउस की उप प्रेस सचिव सारा मैथ्यूज ने इस्तीफा दे दिया। ग्रीसम इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव के रूप में भी सेवा दे चुकी हैं। उनके बाद कैली मैकनेनी को अप्रैल में प्रेस सचिव बनाया गया। बुधवार को इस्तीफा देने वाली वह पहली व्यक्ति हैं।

वाशिंगटन में हिंसा को ट्रंप ने उकसाया-ओबामा
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीन नवंबर के चुनाव परिणाम के बारे में लगातार झूठ बोला है और बुधवार को वाशिंगटन में राजधानी इमारत में हिंसा को उकसाया है। ओबामा ने एक बयान में कहा, “ इतिहास में इस हिंसक घटना को याद रखा जायेगा, जिसे मौजूदा राष्ट्रपति द्वारा उकसाया गया है, जो कानूनी तरीके से हुये चुनाव के परिणाम को लेकर आधारहीन झूठ बोल रहे हैं। यह हमारे देश के लिये अपमान और बहुत शर्म की बात है। रिपब्लिकन नेता अपने समर्थकों को चुनाव के बारे में सच्चाई बताने को तैयार नहीं हैं। रिपब्लिकन नेता या तो सच्चाई को अनदेखा करते रहें या फिर वास्तविकता को स्वीकार करें। ‘

मोदी ने अमेरिका में हुई हिंसा पर जतायी चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के वाशिंगटन में हुई हिंसा पर चिंता व्यक्त करते हुए गुरुवार को कहा कि सत्ता का हस्तांतरण व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से होना लाजिमी है। मोदी ने वाशिंगटन में हुई हिंसा पर चिंता जताते हुए ट्वीट कर कहा, “ वाशिंगटन डीसी में उपद्रव और हिंसा के समाचारों से वह व्यथित हुए हैं। सत्ता का हस्तांतरण व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से होना जरूरी है । इस तरह के प्रदर्शनों के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता।”

बाइडेन ने लोकतंत्र पर ‘‘अभूतपूर्व हमला’’ बताया
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस पूरी घटना पर कहा कि वह स्तब्ध और काफी दुखी हैं कि अमेरिका को ऐसा दिन देखना पड़ा। बाइडन ने राष्ट्र के नाम एक संबोधन में कहा, ‘‘ इस समय, हमारे लोकतंत्र पर अभूतपूर्व हमला हो रहा है। हमने आधुनिक समय में ऐसा कभी नहीं देखा। स्वतंत्रता के गढ़, कैपिटल पर हमला। लोगों का प्रतिनिधित्व करने वालों और कैपिटल हिल पुलिस…और लोक सेवक जो हमारे गणतंत्र के मंदिर में काम करते हैं उन पर हमला…’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं स्पष्ट करना चाहूंगा। कैपिटल में अराजकता का यह दृश्य असल अमेरिका को प्रतिबंबित नहीं करता। हम जो हैं, उसका प्रतिनिधित्व नहीं करता। हम देख रहे हैं, कि थोड़ी सी संख्या में कुछ कट्टरपंथी अराजकता फैला रहे हैं। यह अव्यवस्था है। यह अराजकता है। यह राजद्रोह के समान है। इसका अब अंत होना चाहिए।’’

चार लोगों की मौत, वाशिंगटन में इमरजेंसी
संसद परिसर में किए गए बवाल में अबतक चार लोगों की मौत हो गई है। हिंसा को देखते हुए वाशिंगटन डीसी में 15 दिन के लिए कर्फ्यू लगाया गया है।

डेमोक्रेटिक पार्टी के 17 सांसदों ने चिट्ठी लिखी
डोनाल्ड ट्रंप को आज ही राष्ट्रपति पद से हटाया जा सकता है. डेमोक्रेटिक पार्टी के 17 सांसदों ने चिट्ठी लिखकर ट्रंप को आज ही पद से हटाने की मांग की है।

ट्रंप का ट्विटर-फेसबुक-इंस्‍टाग्राम अकाउंट ब्लॉक
अमेरिका में ट्रंप समर्थकों ने व्हाइट हाउस और कैपिटोल हिल्स में जमकर हंगामा किया। इसके बाद ट्विटर, फेसबुक और इंस्ट्राग्राम ने ट्रंप के अकाउंट ब्लॉक कर दिए हैं। साथ ही कुछ ट्वीट और वीडियो को भी हटा दिया गया है। ट्विटर ने 12 घंटे और फेसबुक-इंस्ट्राग्राम ने 24 घंटे के लिए डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट सस्पेंड किया है।

कई देशों ने बताया अमेरिकी इतिहास का काला दिन
अमेरिका में इस तरह के बवाल की खबर पूरी दुनिया में आग की तरह फैली गई। ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन, कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो समेत अन्य कई राष्ट्रप्रमुखों ने इस हिंसा की निंदा की और अमेरिकी इतिहास के लिए काला दिन करार दिया। दुनियाभर की मीडिया में अमेरिकी हिंसा की घटना सुर्खियां बटोरे हुए है।

अमेरिका में 25वें संशोधन को लागू करने के लिए विचार-विमर्श
अमेरिकी प्रशासन के कुछ कैबिनेट सदस्यों और अन्य रिपब्लिकन नेताओं ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को सत्ता से हटाने के लिए 25 वें संशोधन को लागू करने के संदर्भ में विचार-विमर्श किया है। सीएनएन ने विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

वाशिंगटन में 13 लोग गिरफ्तार, पांच हथियार जब्त
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में पुलिस ने चुनाव प्रदर्शन में 13 लोगों को गिरफ्तार कर पांच हथियार जब्त किए है। वाशिंगटन मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के प्रमुख रॉबर्ट कॉन्टे ने बुधवार को संवाददाताओं में कहा, “हमें पांच हथियार बरामद हुए है और करीब 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।” कॉन्टे ने कहा कि सभी गिरफ्तार किए गए लोग वाशिंगटन के निकटतम उपनगरों और प्रांतों से यहां पहुंचे थे।

संबंधित समाचार