बरेली: स्वेटर के लिए हल्ला तो काफी मचा लेकिन आवेदन आए सिर्फ 55
बरेली,अमृत विचार। बरेली कॉलेज में गरीब छात्रों को स्वेटर बांटने को लेकर हल्ला तो खूब हुआ था। लेकिन स्वेटर लेने के लिए सिर्फ 55 ही आवेदन आए हैं। इसकी वजह है कि एक तो बहुत से छात्रों को योजना का पता ही नहीं है और महाविद्यालय द्वारा सिर्फ एक नोटिस चस्पा करके इसकी जानकारी दी …
बरेली,अमृत विचार। बरेली कॉलेज में गरीब छात्रों को स्वेटर बांटने को लेकर हल्ला तो खूब हुआ था। लेकिन स्वेटर लेने के लिए सिर्फ 55 ही आवेदन आए हैं। इसकी वजह है कि एक तो बहुत से छात्रों को योजना का पता ही नहीं है और महाविद्यालय द्वारा सिर्फ एक नोटिस चस्पा करके इसकी जानकारी दी गई। कम आवेदन आने की वजह से स्वेटर की खरीद नहीं हो पा रही है।
इसकी वजह से 7 जनवरी तक आवेदन की तिथि भी बढ़ा दी गई है। उसके बाद स्वेटर खरीदकर छात्रों को वितरित किए जाएंगे। इसमें भी देरी हुई तो सर्दियां लगभग खत्म होने के बाद ही स्वेटर छात्रों को मिल सकेंगे।
बरेली कॉलेज छात्रों से फीस में निर्धन छात्र सहायता कोष के 12 रुपये, छात्र कल्याण कोष के 12 रुपये और सर्द-गर्म के 175 रुपये प्रति छात्र जमा कराए जाते हैं। इसके तहत ही कॉलेज में सर्दियों में अला-जलाए जाते हैं और छात्रों को स्वेटर भी वितिरत किए जाते हैं। 15 दिसंबर 2020 को सछास ने इसको लेकर जमकर हंगामा किया था और प्राचार्य का घेराव भी किया था। उसके तुरंत बाद अलाव तो कुछ जगह जलाए गए।
कुछ दिनों बाद कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर एक नोटिस चस्पा किया गया। इसमें लिखा गया कि स्वेटर के लिए छात्र 2 जनवरी 2021 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं। जिनके अभिभावक की वार्षिक आय 48 हजार रुपये है। अब तक इसके लिए सिर्फ 55 आवेदन आए। इसकी वजह से अब तारीख भी बढ़ा दी गई है।
