हल्द्वानी : बर्ड फ्लू के डर से मुर्गा हुआ 20 रूपये सस्ता
हल्द्वानी,अमृत विचार। देश के विभिन्न राज्यों में बर्ड फ्लू संक्रमण का असर अब कुमाऊं में दिखने लगा है। बर्ड फ्लू के कारण कुमाऊं में मुर्गे के दाम में गिरावट हुई है। मुर्गा थोक में 20 रुपये सस्ता हो गया है। हालांकि, अभी तक अंडों की बिक्री और मूल्य में कोई अंतर नहीं देखने को मिला …
हल्द्वानी,अमृत विचार। देश के विभिन्न राज्यों में बर्ड फ्लू संक्रमण का असर अब कुमाऊं में दिखने लगा है। बर्ड फ्लू के कारण कुमाऊं में मुर्गे के दाम में गिरावट हुई है। मुर्गा थोक में 20 रुपये सस्ता हो गया है। हालांकि, अभी तक अंडों की बिक्री और मूल्य में कोई अंतर नहीं देखने को मिला है।हल्द्वानी-नैनीताल समेत कुमाऊं में अंडों के दाम और खपत में कोई गिरावट देखने को नहीं मिली जबकि मुर्गा थोक मूल्य में गुरुवार को 20 रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, फुटकर अंडा कारोबारी बारिश और खराब मौसम के चलते ही बिक्री में गिरावट मान रहे हैं।
कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) बस स्टेशन के निकट थोक अंडा कारोबारी मोहम्म्द आमिर ने बताया कि हल्द्वानी के प्रमुख थोक अंडा कारोबारी करीब सोलह हजार क्रेट अंडों यानी चार लाख 80 हजार अंडे की हर दिन आपूर्ति करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी अंडे आपूर्ति पहले की तरह सामान्य ही रही। बताया गया कि अंडों के थोक मूल्य में पिछले तीन दिनों से कोई गिरावट दर्ज नहीं की गयी है।
थोक अंडा कारोबारी रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर तथा पंजाब के पोल्ट्री फार्म से अंडा खरीद कर हल्द्वानी स्थित फुटकर कारोबारियों को बेचते हैं। इसके अलावा कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों को अंडों की आपूर्ति करते हैं। वहीं, दूसरी ओर पोल्ट्री फॉर्म से जुड़े कारोबारी मुर्गों के दाम और बिक्री में आ रही गिरावट के लिए बर्ड फ्लू संक्रमण को जिम्मेदार मान रहे हैं। उनका कहना है कि बर्ड फ्लू के चलते ही मुर्गों के थोक मूल्य में 20 रुपये प्रति किलो गिरावट आई है। पोल्ट्री व्यवसायियों का कहना है कि आने वाले दिनों में मूल्य में और अधिक गिरावट की आशंका बनी हुई है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी महेश जोशी ने बताया कि नैनीताल जिले में अब तक बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं आया है। हालांकि, एहतियात के तौर पर अंडा और चिकन खाने से परहेज करना अधिक बेहतर रहेगा।
