बरेली: 10 इकाइयां जमीन पर आने को तैयार, अधिकारी फंसाए हैं पेच
राकेश शर्मा, बरेली। सौ दिन सौ उद्योग अभियान को सरकारी अधिकारी ही झटका दे रहे हैं। उनकी लापरवाही नए उद्योगों को जमीन पर उतरे नहीं दे रही है। बरेली विकास प्राधिकरण, उप जिलाधिकारी कार्यालय और पर्यटन विभाग नए उद्योगों की फाइलें लंबे समय से फंसाए हैं। मीरगंज, सदर, बहेड़ी, फरीदपुर के उप जिलाधिकारी कृषि भूमि …
राकेश शर्मा, बरेली। सौ दिन सौ उद्योग अभियान को सरकारी अधिकारी ही झटका दे रहे हैं। उनकी लापरवाही नए उद्योगों को जमीन पर उतरे नहीं दे रही है। बरेली विकास प्राधिकरण, उप जिलाधिकारी कार्यालय और पर्यटन विभाग नए उद्योगों की फाइलें लंबे समय से फंसाए हैं। मीरगंज, सदर, बहेड़ी, फरीदपुर के उप जिलाधिकारी कृषि भूमि को अकृषक बनाने की धारा 143 विषयक कार्रवाई लटकाए हैं।
बीडीए अप्रैल, 2019 से 1.75 लाख रुपये की फीस लेने के बावजूद होटल निर्माण की एनओसी जारी नहीं कर रहा है। 10 इकाइयों की फाइलें विभागों से कई माह बाद भी पास नहीं होने पर संयुक्त आयुक्त (उद्योग) ऋ षि रंजन गोयल ने इस मामले को जिलाधिकारी नितीश कुमार के समक्ष उठाया है। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को लंबित प्रकरणों को जल्द निस्तारित कराने के निर्देश दिये हैं। 10 इकाइयों का मामला मार्च, 2020 से लटकने से 31 मार्च, 2021 तक सौ उद्योग स्थापित कराने का अभियान फंसता दिख रहा है।
हालांकि, जिलाधिकारी नितीश कुमार ने सभी एसडीएम व उद्योग से संबंधित कार्रवाई जल्द पूरी करने के सख्त निर्देश दे चुके हैं। डा. मुख्तयार अहमद धौराटांडा में फेमिली ग्लोबल राइस इंडस्ट्रीज नाम से इकाई लगाने को 18 मार्च, 2020 को एसडीएम सदर कार्यालय में भूमि का दाखिल खारिज कराने को फाइल लगाई लेकिन दाखिल खारिज नहीं हुआ।
उद्योग लगाने को भूमि लैंडयूज बदलवाने की फंसी हैं पांच फाइलें
सौरभ अग्रवाल ने ग्राम रसुईया, फरीदपुर में मैसर्स कनकधाम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड इकाई लगाने के लिए 11 नवंबर, 2020 को भूमि का लैंडयूज बदलवाने के लिए एसडीएम फरीदपुर के कार्यालय में फाइल लगाई, लेकिन फाइल पर कार्रवाई नहीं हुई। सिमरजीत सिंह ने फरीदपुर में प्लास्टिक प्लाईबोर्ड बनाने के लिए मैसर्स अमोलक इंडस्ट्रीज नाम से इकाई लगाने को जुलाई, 2020 को एसडीएम फरीदपुर कार्यालय में फाइल लगाई, लेकिन धारा 142 विषयक पर अभी तक कार्रवाई लटकी हुई है।
छवि गोयल ने बल्लिया परगना मीरगंज में वाटर प्लांट की मैसर्स दिव्य गंगा एसोसियेट्स लिमिटेड नाम से इकाई लगाने को 31, दिसंबर को एसडीएम मीरगंज के कार्यालय में लैंडयूज बदलवाने को फाइल लगाई है। जुबैर अहमद ने राइस मिल लगाने के लिए जहानाबाद रोड, रिछा (बहेड़ी) में एचआर एग्रो नाम से इकाई लगाने के लिए कृषि भूमि का लैंडयूज बदलवाने को एसडीएम बहेड़ी के कार्यालय में फाइल लगाई। जिस पर सुनवाई होना है। प्रेम बाबू शर्मा ने मीरगंज में मै. बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड नाम से खाद्य सामग्री एवं डेयरी प्रोडक्ट्स की इकाई लगाने को 19 सितंबर, 2020 को कृषि भूमि का लैंडयूल बदलवाने को एसडीएम मीरगंज कार्यालय में फाइल लगाई लेकिन अभी तक कार्रवाई लटकी है।
तीन होटलों की भी लटकी हैं फाइलें
जसप्रीत खुराना ने चंदपुरी बिचपुरी में ले पार्क होटल एंड बैंक्वेट हाल का निर्माण कराने के लिए एनओसी लेने को 12 अप्रैल, 2019 को आवेदन किया। जसप्रीत ने 1758646 रुपये की फीस भी जमा कर दी है। लेकिन उनकी फाइल आज तक पास नहीं हुई है। शना प्रताप सिंह 316/1, फरीदपुर में मै. गोल्डन ब्लासम नाम से होटल बनवाने के लिए पर्यटन विभाग लखनऊ को 27 जनवरी, 2020 को एप्रूवल लेने के लिए फाइल भिजवाई लेकिन आज तक एप्रूवल नहीं मिला है। दीपक कुमार अग्रवाल ने बिलवा नैनीताल रोड पर होटल स्पर्श एंड बैंक्वेट हाल बनवाने के लिए 16 अक्टूबर, 2020 को पर्यटन विभाग लखनऊ से एप्रूवल लेने को फाइल भेजी लेकिन वहीं लटकी हुई है।
डिस्लरी का प्लांट लगाने को भूमि खरीदने की नहीं मिली अनुमति
अजय शुक्ला और अनिल अग्रवाल ने फरीदपुर में डिस्लरी का प्लांट लगाने के लिए मै. ध्रुव बायोफ्यूल्स नाम से इकाई लगाने को भूमि खरीदने के लिए 29 अक्टूबर, 2010 को उप जिलाधिकारी फरीदपुर के यहां फाइल लगाई। लेकिन 12.5 एकड़ से अधिक भूमि क्रय करने के लिए उन्हें अभी तक अनुमति नहीं मिली है। भूमि खरीदने के लिए जिलाधिकारी की अनुमति भी लेनी जरूरी है लेकिन एसडीएम कार्यालय से फाइल डीएम कार्यालय नहीं भिजवाई गई है।
