बरेली: ‘मेरा हर तीसरा रिश्तेदार वकील है… नौकरी से हट जाओगे’
अमृत विचार, बरेली। सीट बेल्ट पर चालान काटना एचसीपी को महंगा पड़ गया। एक चालान काटने पर उसे युवक ने बीच चौराहे पर नौकरी से हाथ धोने तक की धमकी दे डाली। उसने एचसीपी से कहा कि उसका हर तीसरा रिश्तेदार वकील है। कोर्ट के चक्कर काटते-काटते सालों बीत जाएंगे। यह देखकर मौके पर लोगों …
अमृत विचार, बरेली। सीट बेल्ट पर चालान काटना एचसीपी को महंगा पड़ गया। एक चालान काटने पर उसे युवक ने बीच चौराहे पर नौकरी से हाथ धोने तक की धमकी दे डाली। उसने एचसीपी से कहा कि उसका हर तीसरा रिश्तेदार वकील है। कोर्ट के चक्कर काटते-काटते सालों बीत जाएंगे। यह देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई जिसके बाद कार सवार लोग वहां से चले गए।
शुक्रवार को चौकी चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उसने एक कार चालक को रोककर उसका सीट बेल्ट न पहनने का चालान काट दिया। इससे नाराज युवक ने एचसीपी से कहा कि वह उसकी बिना सीट बेल्ट लगाए फोटो दिखाए। इस बात को लेकर उनमें गहमागहमी हो गई। यह देखकर वहां भीड़ जुटने लगी।
इसी बीच युवक के साथ आए उसके दोस्त को गुस्सा आ गया। उसने एचसीपी को हड़काते हुए कहा कि उसका हर तीसरा रिश्तेदार वकील है। कोर्ट में साबित करने की बात आएगी तो नौकरी से सस्पेंड होना पड़ जाएगा और कोर्ट के दो-तीन साल चक्कर काटने पड़ जाएंगे। यह सुनकर एचसीपी ने भी उससे कहा कि जो चाहे कर ले, उसका चालान कट गया है।
पुलिस कर्मी से चेकिंग के दौरान इस तरह की अभद्रता करना गलत है। यदि किसी ने पुलिसकर्मी से अभद्रता की है तो इस मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
