बरेली: वैक्सीनेशन के पहले चरण की तैयारियां पूरी, जिले में कुछ इस तरह लाई जाएगी वैक्सीन
अमृत विचार, बरेली। वैक्सीनेशन को स्वास्थ्य विभाग ने पहले चरण की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को शासन की ओर से बताया गया कि 16 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पुणे से हवाई जहाज से वैक्सीन जिले में लाई जाएगी। वहीं, मंडल से वैक्सीन संबंधित जिलों में वितरित की जाएगी। …
अमृत विचार, बरेली। वैक्सीनेशन को स्वास्थ्य विभाग ने पहले चरण की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को शासन की ओर से बताया गया कि 16 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पुणे से हवाई जहाज से वैक्सीन जिले में लाई जाएगी। वहीं, मंडल से वैक्सीन संबंधित जिलों में वितरित की जाएगी। शासन से वैक्सीनेशन की तारीख तय होने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित केंद्रों पर वैक्सीनेशन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण कराना आवश्यक है।
कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सोमवार को ड्राई रन होना है। सुरक्षा के बीच वैक्सीनेटर केंद्रों पर भेजे जाएंगे। ड्राई रन में किसी तरह की चूक न हो, इसलिए स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों ने रणनीति बना ली है। स्वास्थ्यकर्मियों को बताया गया कि कोरोना वैक्सीन की पहली डोज के 28 दिन बाद दूसरी डोज लगेगी। इसलिए कोविन एप के साथ ही कार्ड पर इस तारीख को ध्यान से दर्ज करें।
वहीं, वैक्सीनेशन कराने पहुंचे लोगों को यह भी बताएं कि पहली डोज लगने के बाद ही इधर-उधर न घूमें। कोरोना वायरस से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने में समय लगता है। दोनों डोज लगने के बाद करीब 56 दिन पूरे एहतियात से रहें। तब तक कोविड गाइडलाइन का पालन करते रहें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों को बताया कि वैक्सीनेशन सेंटर के तीनों कमरों यानी वेटिंग, वैक्सीनेशन और आब्जर्वेशन रूम में सोमवार को होने वाले पूर्वाभ्यास में असली वैक्सीनेशन जैसे ही ड्यूटी करनी है। बिना सीरिंज के 0.5 एमएल वैक्सीन भी दाएं हाथ पर लगाई जाएगी। इसके बाद कुछ मामलों में वैक्सीन के बाद अमूमन होने वाले मामूली साइड इफेक्ट का भी डेमो होगा।
