मुरादाबाद: किसान की मौत के मामले में सेवानिवृत्त सिपाही पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भू-माफिया सेवानिवृत्त सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे किसान शेर सिंह की मौत के बाद आखिरकार सरकारी तंत्र की नींद टूटी। इस मामले में सिपाही महेंद्रपाल व उसके बेटे के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शेर सिंह की पत्नी की तहरीर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। भू-माफिया सेवानिवृत्त सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे किसान शेर सिंह की मौत के बाद आखिरकार सरकारी तंत्र की नींद टूटी। इस मामले में सिपाही महेंद्रपाल व उसके बेटे के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शेर सिंह की पत्नी की तहरीर पर दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ है।

न्याय की आस में जान देने वाला किसान मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम धीमरी निवासी शेर सिंह था। शेर सिंह के घर में उसकी पत्नी लीलावती, बेटा अशोक, संजीव, जयप्रकाश और बेटी राखी है। बताते हैं कि करीब नौ साल पहले सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के हिमगिरि कालोनी निवासी सेवानिवृत्त सिपाही महेंद्रपाल ने धोखाधड़ी और फर्जीबाड़ा करके उसकी लाखों की जमीन चंद रुपयों में ले ली थी। शेष रकम का भुगतान का केवल आश्वासन देता रहा।

बकाया रकम न देने पर शेर सिंह ने सिपाही महेंद्रपाल सिंह के खिलाफ सिविल लाइंस में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन चल रहा है। बताते हैं कि न्याय न मिलने पर शेर सिंह 15 दिसंबर से सिपाही के खिलाफ घर पर ही आमरण अनशन पर बैठ गया था। शासन-प्रशासन को सूचना देने के बाद भी स्थानीय अफसरों ने सुध नहीं ली। नतीजा हालत बिगड़ने पर 24 दिन बाद शेर सिंह की मौत हो गई।

किसान की मौत के बाद उनके परिजन बिफर गए और शव लेकर एसएसपी प्रभाकर चौधरी के कार्यालय पहुंच गए। यहां पर शव रखकर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। जिससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी परिजनों की तीखी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने जबरन शव वहां से उठवाकर पीएम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया था। शेर सिंह की मौत के बाद आखिरकार सरकारी तंत्र की नींद टूटी।

पुलिस ने सेवानिवृत्त सिपाही और उसके बेटे के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। मृतक किसान की पत्नी लीलावती की तहरीर पर महेंद्रपाल और उसके बेटे नितीश कुमार के खिलाफ मझोला थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीओ सिटी अनिल कुमार यादव के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार