बरेली: शहर में रहने की जिद कर रही थी पत्नी, फौजी ने मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भमोरा के कुंडरिया इखलास्पुर निवासी शिवानी की हत्या उसके फौजी पति अजीत उर्फ रणधीर सिंह ने रामगंगा नदी में पुल से फेंककर की थी। वह पत्नी को मायके छोड़ने के बहाने लेकर आया था। उसने पत्नी की हत्या उसके आधुनिक ख्यालों और बार-बार शहर में रहने की जिद की वजह से परेशान …

बरेली, अमृत विचार। भमोरा के कुंडरिया इखलास्पुर निवासी शिवानी की हत्या उसके फौजी पति अजीत उर्फ रणधीर सिंह ने रामगंगा नदी में पुल से फेंककर की थी। वह पत्नी को मायके छोड़ने के बहाने लेकर आया था। उसने पत्नी की हत्या उसके आधुनिक ख्यालों और बार-बार शहर में रहने की जिद की वजह से परेशान होकर की थी।

पुलिस ने 10 महीने बाद बुधवार को वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने फौजी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है। अभी तक शिवानी का शव नहीं मिला है। भमोरा पुलिस ने सभी थानों को सूचना दी है, ताकि उस दौरान मिले लावारिस शव से पहचान की जा सके।

पुलिस के मुताबिक सादुल्लागंज, दातागंज बदायूं निवासी हरीश कुमार ने अपनी बेटी शिवानी की शादी भमोरा के कुंडरिया इखलासपुर के अजीत उर्फ रणधीर सिंह पुत्र विजय बहादुर से की थी। होली की रात में शिवानी गायब हो गई थी। उसके पति अजीत ने मायके वालों को उसके भाग जाने की खबर दी थी। कई दिनों के तलाशने के बाद 13 मार्च 2020 को हरीश ने अजीत समेत ससुराल के 5 लोगों पर दहेज के खातिर हत्या कर शव को छिपा देने की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। शव न मिलने की वजह से पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।

उसके बाद फौजी अरुणाचल प्रदेश में नौकरी करने चला गया था। उसके बाद से ससुराल के सभी लोग फरार चल रहे थे। इस मामले में पुलिस ने 6 जनवरी 2021 को शिवानी के ससुर विजय बहादुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 13 जनवरी को पुलिस ने अजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।

बाइक खराब होने का किया नाटक
पुलिस पूछताछ में अजीत ने बताया कि शिवानी के परिवार वाले बरेली में गणेश नगर सुभाषनगर में रहते हैं। शादी के बाद से ही शिवानी गांव में न रहकर शहर में रहने की जिद करने लगी। उसने शहर में मकान बनाने के लिए कहा। वह जब भी ड्यूटी पर जाता था तो वह शिवानी अपने मायके में ही चली जाती थी। शिवानी आधुनिक ख्यालात की थी। इससे वह परेशान हो गया।

होली की रात में वह उसे मायके छोड़ने के बहाने बाइक से बैठाकर लाया। उसने रामगंगा पुल पर बाइक खराब होने का बहाना बनाया और उसे नीचे उतार दिया। वह बाइक ठीक करने का नाटक करने लगा तो शिवानी पुल से नीचे नदी में झांकने लगी। मौका पाते ही उसने शिवानी के पैर उठाकर उसे नदी में फेंक दिया और वहां से चला गया। उसके बाद उसके किसी के साथ भाग जाने की सूचना दे दी। शिवानी की हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस उसके शव की तलाश में जुट गई है।

“10 महीने पहले हुई महिला की हत्या में फौजी पति को गिरफ्तार किया गया है। फौजी ने नदी में फेंककर महिला की हत्या की थी। महिला के शव की तलाश की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार