हल्द्वानी: खांसी, जुकाम या बुखार हो तो नहीं लगेगा कोरोना का टीका
हल्द्वानी,अमृत विचार। कोविड वैक्सीनेशन से पहले जनपद में कोविड वैक्सीनेशन के लिए 168 कर्मचारियों स्वास्थ्य कर्मचारियों का प्रशिक्षण हुआ। इसमें वैक्सीनेशन से जुड़ी तकनीकी जानकारी के साथ ही उन्हें बताया गया कि यदि किसी लाभार्थी को खांसी, जुकाम या बुखार हो तो उसे किसी भी हालत में वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। वहीं एक वायल से …
हल्द्वानी,अमृत विचार। कोविड वैक्सीनेशन से पहले जनपद में कोविड वैक्सीनेशन के लिए 168 कर्मचारियों स्वास्थ्य कर्मचारियों का प्रशिक्षण हुआ। इसमें वैक्सीनेशन से जुड़ी तकनीकी जानकारी के साथ ही उन्हें बताया गया कि यदि किसी लाभार्थी को खांसी, जुकाम या बुखार हो तो उसे किसी भी हालत में वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। वहीं एक वायल से दस लोगों को वैक्सीनेट किया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को 0.5 एमएल डोज लगेगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में गुरुवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में वैक्सीनेशन कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण में नोडल व अपर जिलाधिकारी केएस टोलिया ने कहा कि सभी कर्मचारियों से वैक्सीनेशन की प्रक्रिया अच्छी तरह समझने के लिए निर्देशित किया, जिससे वैक्सीनेशन कार्यक्रम में किसी तरह की गलती न हो। वैक्सीनेशन कक्षों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया।
मास्टर ट्रेनर व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने वैक्सीनेशन की तकनीकी जानकारी साझा की। इसके अलावा कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए निर्देश दिए। बताया कि टीकाकरण के बाद लाभार्थी को किसी प्रकार की परेशानी होने पर प्रबंध के लिए सेंटरों पर एनाफिलीसिस किट और एईएफआई किट पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेगी।
इस दौरान एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार सिंह, उप निदेशक सूचना व नोडल मीडिया प्रबंधन योगेश मिश्रा, उप जिलाधिकारी विवेक राय, रिचा सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. टीके टम्टा, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक निदेशक अल्प बचत अखिलेश शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, पूर्ति निरीक्षक रवि सनवाल आदि मौजूद रहे।
