बरेली: पीलीभीत में बर्ड फ्लू की पुष्टि से बरेली में दहशत, जांच को 263 सैंपल भेजे
अमृत विचार, बरेली। पूरनपुर की मुर्गियों के सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि और बुधवार को बरेली में मृत पक्षियों के मिलने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। पशुपालन विभाग द्वारा 263 सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। सीवीओ का कहना है कि जिले में बर्ड फ्लू फैल रहा है …
अमृत विचार, बरेली। पूरनपुर की मुर्गियों के सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि और बुधवार को बरेली में मृत पक्षियों के मिलने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। पशुपालन विभाग द्वारा 263 सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। सीवीओ का कहना है कि जिले में बर्ड फ्लू फैल रहा है या नहीं, यह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बुधवार को फरीदपुर में एक कबूतर और मझगवां में एक कौआ मृत मिला था। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने पक्षियों के शव कब्जे में लेकर जांच के लिए आईवीआरआई भेजा था। इसकी जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिल सकी है लेकिन लोगों को मृत कबूतरों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
वहीं, अधिकारियों का कहना है कि पड़ोसी जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सैंपलिंग तेज करने के साथ ही रोकथाम को कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। बर्ड फ्लू को लेकर 263 पक्षियों के सैंपल लेकर उनके सीरम जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा अन्य जनपदों से आने वाले अंडा और मांस को लेकर भी निगरानी की जा रही है।
इस तरह से फैलता है बर्ड फ्लू
यह बीमारी एक पक्षी से दूसरे पक्षी को होती है। यह कभी-कभी पक्षियों से इंसानों को हो जाती है। यह संक्रमित व्यक्ति से दूसरे में पहुंच जाती है। ऐसे मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं जिनमें बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत हुई है। इन पक्षियों के संपर्क में रहने वाले व्यक्ति में यह वायरस जल्द फैलता है। उबले हुए अंडे और मांस खाने से कुछ वायरस खत्म हो जाते हैं।
अभी खतरे जैसी कोई बात नहीं
अभी जिले में खतरे जैसी कोई बात नहीं है। पोल्ट्री फार्मों का लगातार निरीक्षण चल रहा है। लोगों से सतर्कता व सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा गया है मुर्गे के मीट को अच्छे से पकाकर खाएं। अंडा भी उबाल कर खाएं। किसी भी तरह की अफवाह से बचें। पक्षियों की मौत सामान्य भी हो सकती है। – ललित कुमार वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी
इन नंबरों पर पशु चिकित्साधिकारी को दें सूचना
फरीदपुर के तराखास में डा. नवनीत कुमार (7906299674)
आंवला के रामनगर में डा. योगेश कुमार (9410173223)
बहेड़ी के दवरनियां में डा. केपी सिंह (7579440983)
मीरगंज के शाही में डा. एके चतुर्वेदी (9412899152)
नवाबगंज के सेंथल में डा. नीरज यादव (9457756731)
सदर के कैंट में डा. नौशाद अहमद (9457281986)
