बरेली: मिशन स्वावलंबन बना मॉडल, प्रदेश की बालिकाओं व महिलाओं को मिलेगा लाभ
बरेली,अमृत विचार। कोरोना को अवसर में बदलने की सोच के साथ जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन स्वावलंबन’ की प्रदेश स्तर पर सराहना हो रही है। जनपद की बेसिक स्कूलों की 45 हजार बालिकाएं इसका लाभ आयोजित कैंपों में ले रहीं हैं। अब इसका लाभ घरेलू महिलाओं को भी मिलेगा। इसके साथ प्रदेश …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना को अवसर में बदलने की सोच के साथ जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन स्वावलंबन’ की प्रदेश स्तर पर सराहना हो रही है। जनपद की बेसिक स्कूलों की 45 हजार बालिकाएं इसका लाभ आयोजित कैंपों में ले रहीं हैं। अब इसका लाभ घरेलू महिलाओं को भी मिलेगा। इसके साथ प्रदेश भर की बालिकाओं और महिलाओं को भी मिशन स्वावलंबन का लाभ दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है।
इस अभियान में बालिकाओं को जूडो, कराटे सिखाकर उन्हें उत्पीड़न के खिलाफ तैयार किया जा रहा है, ताकि मुसीबत के समय बालिकाएं और महिलाएं अपने इस हथियार का प्रयोग कर अराजकतत्वों को सबक सिखा सकें। घरेलू महिलाओं ने भी कराटे सीखने की इच्छा जताई है। 200 महिलाओं ने आवेदन किया है।
जिलाधिकारी ने 1 जनवरी को राज्य परियोजना निदेशक को लिखे पत्र में बताया कि समाज में महिला सुरक्षा हमेशा से ज्वलंत मुद्दा रहा है। महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ घटित होने वाली घटनाओं से न केवल बालिकाएं और अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है, बल्कि बालिकाओं की शिक्षा भी प्रभावित होती है।
कई बार यह भी देखा गया है कि कई अभिभावक असुरक्षा की भावना के कारण बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है। वर्तमान समय में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज में जागरूकता लाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मिशन शक्ति कार्यक्रम का संचालन कराया जा रहा है। इस बीच बालिकाओं से संवाद हुआ। तब बालिकाओं ने इच्छा जताई कि उन्हें आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाए तो वे अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकती हैं।
असुरक्षा की भावना को समाप्त करने और बालिकाओं को अपनी आत्मरक्षा के लिए आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जनपद बरेली में मिशन स्वावलंबन कार्यक्रम संचालित कराने का निर्णय लिया। कार्यक्रम के तहत परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों, राजकीय, मान्यता प्राप्त तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा छह से लेकर आठ में अध्ययनरत लगभग 45000 बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुण सिखाए जा रहे हैं। एक एक माह का जूडो, कराटे, ताईक्वांडो का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। 10-10 दिन का कैंप आयोजित कराया जा रहा है।
महानिदेशक ने की डीएम की तारीफ
स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद ने मिशन स्वावलंबन अभियान शुरू कराने पर डीएम नितीश कुमार की तारीफ की है। डीएम को पत्र लिखकर कहा है कि मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है कि कोविड काल की स्थिति के बावजूद आपने बालिकाओं के समक्ष आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए उनको सक्षम बनाने का प्रशंसनीय कार्य किया है। यह बेसिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव की बात है।
“बरेली जनपद में एक लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा करने के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखा है। जल्द ही माध्यमिक शिक्षा के स्कूलों में कराटे शिविरों का कार्यक्रम शुरू कराया जाएगा। शासन के लिए पत्र लिखा है।” -नितीश कुमार, डीएम
