अमेठी: सभी तैयारियां पूरी, प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन के बाद कल से कोविड-19 टीकाकरण शुरू
अमेठी। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में 16 जनवरी से प्रारंभ होने वाले कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में प्रेस वार्ता की। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 16 जनवरी को प्रधानमंत्री के द्वारा लाइव सम्बोधन के उपरांत जनपद के 4 स्थानों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीगंज, अमेठी, बाजार शुकुल व जगदीशपुर से टीकाकरण कार्यक्रम …
अमेठी। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में 16 जनवरी से प्रारंभ होने वाले कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में प्रेस वार्ता की। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 16 जनवरी को प्रधानमंत्री के द्वारा लाइव सम्बोधन के उपरांत जनपद के 4 स्थानों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीगंज, अमेठी, बाजार शुकुल व जगदीशपुर से टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण को लेकर जनपद स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, प्रत्येक टीकाकरण सत्र पर 100 लाभार्थियों को टीका लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कोविड वैक्सीन को लेकर बताया कि जनपद में 9760 वैक्सीन डोज प्राप्त हुए हैं, जोकि सुरक्षा व्यवस्था के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच गई है। वैक्सीन सीसीटीवी एवं सुरक्षा के घेरे में रखी है। वैक्सीन की निगरानी के लिए चिकित्सकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर 1 जनपद स्तरीय वैक्सीन भंडार, कुल 15 कोल्ड चेन पॉइंट बनाए गए हैं। प्रथम चरण में 7860 स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण किया जाएगा। जनपद में कुल 15 वैक्सीनेशन साइट बनाई गई हैं। जिसमें 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 1 निजी अस्पताल एवं 1 फार्मेसी कॉलेज अमेठी को बनाया गया है। इसके साथ ही कुल 32 वैक्सीनेशन प्वाइंट बनाए गए हैं।
जनपद में कुल 1352 वैक्सीनेटर हैं। सभी को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जनपद में वैक्सीन स्टोरेज क्षमता 777945 है। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को 4 स्थानों पर टीकाकरण का शुभारंभ होगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि जिस क्रम में पोर्टल पर फील्डिंग की गई है, उसी क्रम से टीकाकरण किया जाएगा।
किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को टीका नहीं लगेगा साथ ही टीकाकरण के उपरांत बायोमेडिकल कूड़ा निस्तारण के लिए भी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस संबंध में संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया गया है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष दुबे सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।
