पूरी दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू, राजनाथ, शाह और नड्डा बोले- ‘बेहद अहम दिन’
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि जिस दृढ़ता और संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना वैक्सीन के निर्माण से लेकर टीकाकरण अभियान को दिशा दी है उसके लिए उनकी जितनी भी सराहना की जाए कम है। प्रधानमंत्री द्वारा शनिवार को देश भर में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरूआत किये …
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि जिस दृढ़ता और संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना वैक्सीन के निर्माण से लेकर टीकाकरण अभियान को दिशा दी है उसके लिए उनकी जितनी भी सराहना की जाए कम है। प्रधानमंत्री द्वारा शनिवार को देश भर में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरूआत किये जाने के बाद राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत करके कोरोना संकट पर विजय पाने के दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है। पहले चरण में तीन करोड़ लोगों तक वैक्सीन पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि देश के स्वास्थ्यकर्मियों तथा अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को आज कोरोना के खिलाफ सुरक्षा कवच मिलने जा रहा है। अगले चरण में तीस करोड़ लोगों तक टीकाकरण अभियान पहुंचेगा। निश्चित रूप से यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। उल्लेखनीय है कि मोदी ने आज वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से देश भर में कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम की शुरूआत की।
‘मेड इन इंडिया’ वैक्सीन आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की परिचायक : शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वदेशी कोरोना वैक्सीन को अभूतपूर्व उपलब्धि करार देते हुए आज कहा कि ‘मेड इन इंडिया’ वैक्सीन आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की परिचायक हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को देश भर में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरूआत किये जाने के बाद शाह ने ट्वीट कर कहा , “देश आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में भारत ने एक अहम पड़ाव पार किया है। विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान, भारत के वैज्ञानिकों की अपार क्षमता और हमारे नेतृत्व की शक्ति को दर्शाता है।”
कोरोना महामारी पर मानवता की जीत में भारत की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “ भारत उन चुनिंदा देशों में से एक है, जिसने मानवता के विरुद्ध आए सबसे बड़े संकट को समाप्त करने की दिशा में विजय पायी है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि से हर भारतीय गौरवान्वित है। यह विश्वपटल पर एक नये आत्मनिर्भर भारत का उदय है। सभी वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई। ” भारत में आज से दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण कार्यक्रम की शुरूआत हुई है।
कोरोना टीकाकरण की शुरुआत देश के इतिहास का अहम दिन : नड्डा
भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण अभियान की शुरुआत को देश के इतिहास का अहम दिन बताया है। नड्डा ने शनिवार को ट्वीट कर कहा , “ आज का दिन देश के इतिहास का बेहद अहम दिन है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी से युद्ध के लिए दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीन अभियान की शुरुआत की है।
