व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद ये बनेगा ट्रंप का नया ठिकाना, 1985 में एक करोड़ डॉलर में खरीदा था आशियाना
वाशिंगटन। अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा में पाम बीच तट के पास स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट को व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद अपना स्थायी आवास बनाएंगे। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई है। न्यूयॉर्क पोस्ट की खबर के मुताबिक व्हाइट हाउस में ट्रंप के आखिरी दिन निकले ट्रकों को पाम …
वाशिंगटन। अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा में पाम बीच तट के पास स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट को व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद अपना स्थायी आवास बनाएंगे। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई है। न्यूयॉर्क पोस्ट की खबर के मुताबिक व्हाइट हाउस में ट्रंप के आखिरी दिन निकले ट्रकों को पाम बीच में उनके मार-ए-लागो आवास पर जाते देखा गया।

ट्रंप ने कथित तौर पर बुधवार सुबह नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण से कुछ घंटों पहले मार-ए-लागो जाने की योजना बनाई है। राष्ट्रपति के तौर पर अपने चार सालों के कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने मार-ए-लागो में अच्छा खासा समय व्यतीत किया है जिसे “विंटर व्हाइट हाउस” भी कहा गया। राष्ट्रपति ने सितंबर 2019 में अपने कानूनी निवास को न्यूयॉर्क शहर के ट्रंप टावर से बदलकर मार-ए-लागो कर लिया था।
लंबे समय तक न्यूयॉर्क में रहे 74 वर्षीय ट्रंप ने 1985 में एक करोड़ डॉलर में यह घर खरीदा था और इसे एक निजी क्लब में बदल दिया था। जो बीते चार सालों के दौरान उनका शीतकालीन घर रहा। करीब 20 एकड़ में फैले इस स्टेट में 128 कमरे हैं। इसके सामने से अटलांटिक महासागर का शानदार नजारा दिखता है और क्लब की सदस्यता खरीदने वालों के लिये यह खुला है।
