बरेली: अतिक्रमण से सिकुड़ीं सड़कें, कैसे निकलें वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सड़क सुरक्षा तभी हो सकती है जब वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को रास्ता मिले। बरेली की बात करें तो सड़कें अतिक्रमण की वजह से सिकुड़ती जा रही हैं। 30 फुट की सड़क अतिक्रमण की वजह से दिन में 10 फुट की भी नहीं बचती है। सर्विस लेन बनाने के लिए …

बरेली, अमृत विचार। सड़क सुरक्षा तभी हो सकती है जब वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को रास्ता मिले। बरेली की बात करें तो सड़कें अतिक्रमण की वजह से सिकुड़ती जा रही हैं। 30 फुट की सड़क अतिक्रमण की वजह से दिन में 10 फुट की भी नहीं बचती है। सर्विस लेन बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए लेकिन यह पार्किंग स्थल में ही तब्दील हो गई। यहां तक कि जिला अस्पताल को जाने वाली एंबुलेंस व अन्य वाहन भी रोजाना जाम में फंसते हैं। ऐसे में सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को भी तुरंत इलाज मिलना मुश्किल होता है।

बरेली का चयन स्मार्ट सिटी में हो चुका है। सिविल लाइंस के आसपास के इलाके का ही विकास किया जाना है लेकिन मौजूदा समय में जो हालात हैं, उससे तो पूरे शहर की तस्वीर बिगड़ रही है। कहीं सड़क पर पूरी मार्केट सजी है तो कहीं सड़क पर ही गैराज बना दिया गया है। कहीं होटल बना है तो कहीं डेयरी चल रही है। कई जगह तो सड़क पर ही पार्किंग सजा रखी है। सिविल लाइंस में चौकी चौराहे से पटेल चौक की सड़क पर कुछ हालात ठीक हैं लेकिन अन्य जगह सिर्फ सड़क किनारे अवैध कब्जे हो रखे हैं।

पटेल चौक से नावल्टी चौक, नावल्टी से कुतुबखाना, कुतुबखाना से कोहाड़ापीर, पटेल चौक से चौपुला, इंद्रा मार्केट, श्यामगंज मार्केट, किला क्रासिंग से श्यामगंज तक सभी जगह सड़क किनारे दुकानदारों ने सामान बाहर रखकर कब्जा कर रखा है। उसके बाद रेहड़ी-पटरी वाले कब्जा कर लेते हैं। पटेल चौक से चौपुला चौराहे तक दोनों तरफ सर्विस लेन बनाई गई थी लेकिन सर्विस लेन से कभी वाहन नहीं गुजरे बल्कि इस पर सिर्फ दुकानदारों के वाहनों का कब्जा रहता है।

स्टेशन रोड, किला रोड, पीलीभीत रोड, 100 फुटा रोड, स्टेडियम रोड या शहर की अन्य कोई सड़क हो सभी पर अतिक्रमण किया गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम कई बार अभियान चला चुकी है। ट्रैफिक पुलिस व थाना पुलिस भी कई बार अतिक्रमण हटवाती है लेकिन हालात फिर से वहीं नजर आते हैं।

इन एरिया में सड़कों पर अधिक अतिक्रमण
सिविल लाइंस, कचहरी, कुतुबखाना, जिला अस्पताल रोड, पटेल चौक, चौपुला चौक, सुभाषनगर, इंद्रा मार्केट, पीलीभीत रोड, किला रोड, श्यामगंज, कोहाड़ापीर, आजम नगर, सेटेलाइट, स्टेशन, डेलापीर, स्टेडियम रोड, मिनी बाईपास आदि।

संबंधित समाचार