बरेली: रात में लिखी डायरी, सुबह पेड़ से बंधा मिला जला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, शीशगढ़, अमृत विचार। एक शख्स ने रात में डायरी लिखी, जिसमें उसने कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। अचानक वह रात में गायब हो गया। सुबह जब घरवालों ने तलाश की तो उसका जला शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में पेड़ से बंधा मिला। परिजनों ने पुरानी रंजिश में …

बरेली, शीशगढ़, अमृत विचार। एक शख्स ने रात में डायरी लिखी, जिसमें उसने कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। अचानक वह रात में गायब हो गया। सुबह जब घरवालों ने तलाश की तो उसका जला शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में पेड़ से बंधा मिला। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जताई है। उसकी हत्या कर शव जलाया गया या फिर उसने आत्महत्या की इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।

थाना शीशगढ़ के ग्राम बरगवां निवासी 40 वर्षीय धर्मपाल पुत्र झुन्डे लाल शुक्रवार रात करीब 11 बजे से घर से अचानक लापता हो गया था। धर्मपाल सुबह तक घर नही लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश की। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल मे सेमल के पेड़ से बंधा हुआ अधजला शव मिला। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी योगेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। जांच में सामने आया कि धर्मपाल का शरीर लोहे के तार से पेंड में बंधा हुआ था। उसके शरीर से प्लास्टिक भी चिपकी थी।

यह प्लास्टिक पिपिया की हो सकती है, जिसमें कोई ज्वलनशील तेल रहा होगा। पिपिया का ढक्कन भी पड़ा मिला है। उसका शरीर लगभग पूरा जल चुका था। उसका सिर झुककर जमीन की ओर हो गया था। पुलिस के मुताबिक उसके घर से एक डायरी मिली है। जिसमें उसने एक पन्ने में लिखा है कि हम जो मकान बनवा रहे हैं तोताराम दबंगई कर रहा है। उसने नीला रंग मिला दिया था। तोताराम दबंगई कर रहा है।

पुलिस ने लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह तीन दिन से परेशान था और खुद की जिंदगी भी जलाकर खत्म करने की बात कह रहा था। उसका तोताराम से विवाद चल रहा था लेकिन जिसमें कुछ साल पहले समझौता भी हो गया था। हालांकि मामला अपील में चल रहा है। एक ग्रामीण ने बताया कि मृतक सेमल के पेंड़ से तार के सहारे बंधा था तार की गांठ पीछे की तरफ लगी हुई थी।

शव पूरी तरह से जला हुआ था जिससे हत्या की आशंका है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि डायरी में लिखी बातें, लोगों के बयान और मौके के हालात आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। दूसरी ओर लोहे के तार से बांधने और पुराने विवाद की वजह से हत्या से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

हत्या का आरोप लगाया
मृतक के परिवार में पत्नी धर्मेन्द्री देवी के अलावा 15 वर्षीय एक बेटी मधु और 13 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र है। मृतक के दो भाई गांव में अलग रहते है। धर्मपाल के नाम गांव में 15 बीघा जमीन है। धर्मपाल उसी जमीन में खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक की पत्नी धर्मेन्द्री देवी ने बताया कि उनके पुराने मकान के बरावर में उनका नया मकान बन रहा है। पति निर्माणाधीन मकान में ही सोते थे। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व पति ने उनको बताया था कि कुछ लोग उसके पीछे लगे है। वह उसकी हत्या कर सकते हैं।

एक व्यक्ति का पेड़ से बंधा जला हुआ शव बरामद हुआ है। उसने डायरी में भी कुछ बातें लिखी हैं। पुराना विवाद भी चल रहा है। हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच की जा रही है। -राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात

संबंधित समाचार