बरेली: 14 वर्षों से खत्म नहीं हो रहा नेता जी सुभाष चंद्र बोस का वनवास, प्रतिमा को स्थापना का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई गई। जगह-जगह उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया मगर शहर में उनकी एक प्रतिमा ऐसी भी है जो बीते 14 वर्षों से एक कमरे में बंद है। उसे सिर्फ जयंती के दिन ही निकाला जाता है। वजह है, …

अमृत विचार, बरेली। शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई गई। जगह-जगह उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया मगर शहर में उनकी एक प्रतिमा ऐसी भी है जो बीते 14 वर्षों से एक कमरे में बंद है। उसे सिर्फ जयंती के दिन ही निकाला जाता है। वजह है, उस प्रतिमा को स्थापित करने की जगह न मिलना। प्रतिमा को स्थापित करने के लिए जब लोगों ने नगर निगम से अनुमति मांगी तो नहीं दी गई।

14 वर्ष पहले बेसिक शिक्षा समिति के प्रदेशाध्यक्ष और कायस्थ चित्रगुप्त महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश चंद्र सक्सेना ने जयपुर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की एक प्रतिमा को खरीदा था। उन्होंने बताया कि उस प्रतिमा को वह प्रेमनगर स्थित सेंट रामस्वरूप कान्वेंट स्कूल में स्थापित करना चाहते थे।

जब वह प्रतिमा को लेकर बरेली आए तो उन्होंने प्रतिमा स्कूल में स्थापित करने के लिए नगर निगम से अनुमति मांगी। जिस स्कूल में वह प्रतिमा स्थापित करना चाहते थे वह नगर निगम की जमीन पर बना हुआ है। इसलिए बिना उसकी अनुमति के वहां प्रतिमा स्थापित नहीं कर सकते थे। नगर निगम ने प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति देने से मना कर दिया।

जगदीश चंद्र सक्सेना ने बताया कि जिस वक्त उन्होंने प्रतिमा को स्थापित करने की अनुमति मांगी थी उस वक्त बरेली के मेयर शुरू में डॉ. आईएएस तोमर और फिर सुप्रिया ऐरन थीं। 14 वर्षों के इंतजार के बाद भी जब प्रतिमा को स्थापित करने की अनुमति नहीं मिली तो उन्होंने फैसला किया है कि वह अब इस प्रतिमा को भूड़ के महाशय राम स्वरूप जूनियर हाईस्कूल में स्थापित कराएंगे।

नेता जी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर चित्र पर माल्यार्पण करते डीडी विवेक चंद्र श्रीवास्तव।

जिला युवा कल्याण विभाग में धूमधाम से मनाई गई नेता जी सुभाषचंद्र बोस की जयंती
नेता जी सुभाषचंद्र बोस की जयंती विकास भवन स्थित जिला युवा कल्याण विभाग में धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) के जवानों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। युवा कल्याण विभाग के सहायक निदेशक विवेक चंद्र श्रीवास्तव ने सुभाष चंद्र बोस के बारे में जानकारी दी।

छात्रा निधि गंगवार गीत प्रस्तुत कर सुभाषचंद्र बोस के संबंध में पीआरडी के जवानों को बताया। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया। इस मौके पर दर्जनों पीआरडी के जवान और युवा कल्याण विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।

संबंधित समाचार